“टैक्स पूरा, पानी गंदा”: सैलाना में दूषित जल सप्लाई पर फूटा जनता का गुस्सा, सीएमओ पहुंचे मौके पर

सैलाना। रतलाम जिले की नगर परिषद सैलाना द्वारा नगर के अधिकांश वार्डों में गंदे पानी की सप्लाई होने से आम नागरिकों में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है। भीषण गर्मी के बीच दूषित पानी की समस्या ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। शनिवार को नगर परिषद अध्यक्ष ई वार्ड क्रमांक-4 में नलों से गंदा पानी आने का मामला सामने आने के बाद वार्ड निवासी श्याम सांवरिया ने सोशल मीडिया पर वीडियो और फोटो साझा कर नगर परिषद की व्यवस्था पर सवाल खड़े किए।

सूचना मिलते ही मुख्य  नगर परिषद अधिकारी  मनोज शर्मा एवं परिषद की टीम वार्ड क्रमांक-4 पहुंची, जहां श्याम सांवरिया एवं पूर्व पार्षद स्वर्गीय बसंतीलाल सांवरिया के निवास पर केन और बाल्टियों में भरा गंदा पानी दिखाया गया। मौके पर मौजूद रहवासियों ने बताया कि पिछले कई दिनों से बीच-बीच में इसी तरह दूषित पानी की सप्लाई हो रही है।

रहवासियों ने नाराजगी जताते हुए कहा कि नगर परिषद जनता से जलकर और हाउस टैक्स तो पूरी सख्ती से वसूल रही है, लेकिन बदले में मूलभूत सुविधाएं तक संतोषजनक नहीं मिल पा रही हैं। लोगों का कहना था कि जलकर का “इतना टैक्स देने के बाद भी यदि पीने के लिए साफ पानी न मिले तो यह बेहद गंभीर स्थिति है।”

सोशल मीडिया में बताया गया कि कुछ दिन पूर्व अन्य वार्ड में कई घरों में भी इसी प्रकार गंदे पानी की शिकायत सामने आई थी। अब वार्ड-4 में मामला सामने आने से वार्ड वासियों में  स्वास्थ्य को लेकर चिंता बढ़ गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए सीएमओ एवं परिषद अमला फिल्टर प्लांट भी पहुंचा, जहां पानी की गुणवत्ता की जांच की गई। अधिकारियों ने स्वयं सांवरिया निवास पर पानी चखकर स्थिति का जायजा लिया तथा शर्मा ने अधीनस्थ कर्मचारियों को सप्लाई व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए।

इस दौरान वार्डवासियों ने केवल गंदे पानी ही नहीं बल्कि वार्ड में आवारा मवेशियों की समस्या भी उठाई। श्याम सांवरिया एवं मोहनिस सांवरिया ने बताया कि वार्ड में सफाई व्यवस्था प्रभावित है तथा आवारा पशुओं के कारण आमजन परेशान हैं। इस पर परिषद सीएमओ ने समस्याओं के निराकरण का आश्वासन दिया।

नगर परिषद सीएमओ मनोज शर्मा ने कहा कि सोशल मीडिया के माध्यम से शिकायत सामने आते ही तत्काल संज्ञान लिया गया है। शर्मा ने कहा परिषद की प्राथमिकता हमेशा शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराना रही है और आगे भी रहेगी। उन्होंने नागरिकों को भरोसा दिलाया कि दूषित पानी की समस्या से जल्द राहत दिलाई जाएगी। नगर में “शुद्ध जल हमारी पहली प्राथमिकता है आमजन का कहना है कि यदि परिषद जनता से पूरा टैक्स ले रही है तो उसी अनुपात में बेहतर सुविधाएं देना भी उसकी जिम्मेदारी है। नगर परिषद जांच दल में शैलेंद्र राठौर, धन्नालाल परमार, हुक्मीचंद परिहार, संदीप शामिल थे।

MP Headlines
Author: MP Headlines

Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp