ऑपरेशन “सुरक्षा कवच” के सीसीटीवी कैमरों से मिली बड़ी सफलता
रतलाम।रतलाम जिले के सैलाना थाना पुलिस ने शत्रुंजय ज्वेलर्स में हुई लाखों रुपये की सोना-चांदी चोरी की वारदात का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने चोरी गया पूरा मशरूका, वारदात में प्रयुक्त औजार, अवैध हथियार एवं चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की है।

घटना का विवरण
फरियादी प्रेम जैन निवासी सैलाना ने थाना सैलाना में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 20 मई 2026 की रात वह अपनी दुकान “शत्रुंजय ज्वेलर्स” बड़ा जैन मंदिर के पास, चन्द्रशेखर मार्ग सैलाना पर बंद कर घर चले गए थे। अगले दिन सुबह मंदिर के पुजारी ने फोन पर दुकान का शटर खुला होने की सूचना दी।
मौके पर पहुंचने पर दुकान के शटर के ताले ग्राइंडर मशीन से कटे मिले तथा दुकान से लगभग 4.5 किलो चांदी के आभूषण एवं करीब 15 ग्राम सोने के फैंसी आभूषण चोरी होना पाए गए। चोरी गए माल की अनुमानित कीमत करीब 9 लाख रुपये बताई गई। मामले में थाना सैलाना पर अपराध क्रमांक 171/2026 धारा 331(4), 305(ए) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज किया गया।
सीसीटीवी फुटेज से मिला सुराग
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार एवं एसडीओपी सैलाना श्रीमती नीलम बघेल के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित की गई। टीम में थाना सैलाना, बिलपांक, रावटी एवं साइबर सेल के अधिकारी शामिल रहे।
जांच के दौरान ऑपरेशन “सुरक्षा कवच” के तहत लगाए गए सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए। फुटेज में एक आरोपी दुकान के अंदर पीले रंग के प्लास्टिक कट्टे में ज्वेलरी भरता दिखाई दिया, जबकि दूसरा आरोपी बाहर निगरानी करता नजर आया।
तकनीकी विश्लेषण एवं मुखबिर सूचना के आधार पर पुलिस टीम झाबुआ जिले के ग्राम झकनावदा पहुंची और ग्राम करिया-दौलतपुरा मार्ग पर घेराबंदी कर दो संदिग्धों को पकड़ा।

गिरफ्तार आरोपी
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम—
आनंद पिता सुंदरलाल गुर्जर, उम्र 25 वर्ष निवासी झकनावदा जिला झाबुआ
विकास उर्फ फरीद हुसैन पिता मोहम्मद हुसैन, उम्र 30 वर्ष निवासी झकनावदा जिला झाबुआ
बताए।
दोनों आरोपियों ने शत्रुंजय ज्वेलर्स में चोरी करना स्वीकार किया। नाले के पास झाड़ियों में छिपाया था चोरी का माल
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी गया पूरा मशरूका बरामद किया। आरोपियों ने बताया कि चोरी के बाद उन्होंने ग्राम करिया-दौलतपुरा मार्ग स्थित नाले के पास झाड़ियों में गड्ढा खोदकर सामान छिपाया था।
बरामद सामग्री
पुलिस ने आरोपियों से—
लगभग 4.5 किलो चांदी के आभूषण
करीब 15 ग्राम सोने के फैंसी आभूषण
ग्राइंडर मशीन, पेचकस, प्लायर सहित अन्य औजार
एक देशी पिस्टल
एक जिंदा कारतूस एवं एक खाली राउंड
बिना नंबर प्लेट की बजाज पल्सर मोटरसाइकिल
चोरी में प्रयुक्त अन्य सामग्री
बरामद की है।

अन्य वारदातों का भी खुलासा
पूछताछ में आरोपियों ने सैलाना क्षेत्र के कीर्तिविहार में चोरी, बिलपांक थाना क्षेत्र के ग्राम कमेड स्थित हिंगलाज माता मंदिर चोरी तथा पेटलावद और झाबुआ क्षेत्र में चोरी एवं नकबजनी की वारदातों में शामिल होना स्वीकार किया है।
इसके अलावा आरोपियों ने मंदसौर जिले के दलौदा से पल्सर मोटरसाइकिल तथा राजस्थान के सांवरिया सेठ मंदिर क्षेत्र से प्लेटिना मोटरसाइकिल चोरी करना भी कबूल किया है।
इन अधिकारियों की रही सराहनीय भूमिका
कार्रवाई में थाना प्रभारी सैलाना निरीक्षक पिंकी आकाश, निरीक्षक सुरेंद्रसिंह गडरिया, निरीक्षक अय्युब खान, उपनिरीक्षक आनंद बागवान, उप निरीक्षक राजा तिवारी सहित थाना सैलाना, बिलपांक, रावटी एवं सीसीटीवी टीम के कई पुलिस अधिकारियों और जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधीक्षक द्वारा पूरी टीम को पुरस्कृत किए जाने की घोषणा की गई है।
Author: MP Headlines












