सैलाना। रतलाम जिले के सैलाना नगर की कीर्ति विहार कॉलोनी स्थित श्री खाटू श्याम मंदिर में बाबा श्याम की प्राण प्रतिष्ठा के पांच वर्ष पूर्ण होने के पावन अवसर पर आयोजित पंचम पाठ उत्सव ने पूरे सैलाना को भक्तिमय रंग में रंग दिया। सोमवार को मंदिर परिसर में सुबह से देर रात तक श्रद्धा, भक्ति और उत्साह का ऐसा अद्भुत संगम देखने को मिला, जिसने हर श्रद्धालु के मन को भाव-विभोर कर दिया।

“हारे का सहारा, बाबा श्याम हमारा” के गगनभेदी जयकारों के बीच हजारों श्रद्धालु बाबा के दरबार में उमड़ पड़े। नगर ही नहीं, बल्कि आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में भक्तजन बाबा श्याम के दर्शन एवं आशीर्वाद प्राप्त करने पहुंचे। मंदिर परिसर में प्रवेश करते ही रंग-बिरंगी पुष्प सज्जा, आकर्षक विद्युत रोशनी और भव्य शृंगारित दरबार श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर रहा था।
खाटू श्याम सेवा समिति द्वारा प्रातःकाल वैदिक मंत्रोच्चार के साथ बाबा का पंचामृत अभिषेक एवं शांति हवन संपन्न कराया गया। इसके बाद बाबा श्याम का दिव्य एवं मनोहारी श्रृंगार किया गया, जिसे देखने के लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं। पूरे दिन मंदिर परिसर में भजन-कीर्तन, श्याम संकीर्तन और आराधना का दौर चलता रहा। जैसे-जैसे भजनों की स्वर लहरियां गूंजती गईं, वैसे-वैसे श्रद्धालु भक्ति में झूमते नजर आए।

शाम होते ही मंदिर परिसर दीपों और रोशनी से जगमगा उठा। महा आरती के दौरान पूरा वातावरण “जय श्री श्याम” के उद्घोष से गुंजायमान हो गया। आरती में शामिल श्रद्धालुओं की आंखों में आस्था और चेहरे पर भक्ति का अद्भुत उत्साह साफ दिखाई दे रहा था। इसके पश्चात विशाल महा प्रसादी एवं भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने प्रेमपूर्वक प्रसादी ग्रहण की। आयोजन को सफल बनाने में समिति सदस्यों, युवाओं एवं महिला मंडल ने सेवा भाव से बढ़-चढ़कर योगदान दिया।
आयोजन समिति करने वाला श्याम कराने वाला श्याम ने बताया कि प्रतिवर्ष आयोजित होने वाला पंचम पाठ उत्सव अब नगर की धार्मिक पहचान बन चुका है। इस वर्ष उत्सव को लेकर भक्तों में विशेष उत्साह देखने को मिला और पूरा सैलाना मानो “श्याममय” हो उठा।
Author: MP Headlines












