सैलाना में जैन समाज ने रैली के माध्यम से विरोध दर्ज कर मुख्यमंत्री के नाम तहसीलदार कुलभूषण शर्मा को ज्ञापन सोपा”
सैलाना। मध्य प्रदेश के रीवा में जैन साध्वियों को तेज रफ्तार कार से कुचलने की दर्दनाक घटना ने पूरे जैन समाज को झकझोर दिया है। इस अमानवीय हादसे के विरोध में मंगलवार को सैलाना में सकल जैन समाज का भारी जनआक्रोश सड़कों पर दिखाई दिया। समाजजन वाहन रैली और जुलूस के रूप में राजवाड़ा चौक से निकले तथा पुलिस थाना पहुंचकर मुख्यमंत्री के नाम तहसीलदार कुलभूषण शर्मा को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में दोषियों के विरुद्ध हत्या का मामला दर्ज कर कठोरतम कार्रवाई की मांग की गई।

जैन समाज ने इस घटना को केवल हादसा नहीं बल्कि सुनियोजित साजिश बताते हुए कहा कि 20 मई को रीवा में पदयात्रा कर रही तीन जैन साध्वियों को कथित रूप से कार से जानबूझकर टक्कर मारी गई। इस भयावह घटना में आर्यिका श्रुतमति माताजी एवं आर्यिका उपशममति माताजी का समाधिमरण हो गया, जबकि एक अन्य साध्वी गंभीर रूप से घायल हैं। घटना के बाद चालक मौके से फरार हो गया था, जिसे बाद में जबलपुर के पास से गिरफ्तार किया गया। सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद समाज में भारी रोष व्याप्त है।
ज्ञापन में कहा गया कि देशभर में पदयात्रा करने वाले संत-महात्माओं की सुरक्षा आज गंभीर चिंता का विषय बन चुकी है। यदि संत समाज ही सुरक्षित नहीं रहेगा तो धार्मिक स्वतंत्रता और आस्था पर सीधा प्रहार माना जाएगा।

समाजजनों ने मांग की कि साधु-संतों की पदयात्राओं के दौरान विशेष सुरक्षा व्यवस्था लागू की जाए तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए कड़े दिशा-निर्देश जारी किए जाएं। प्रदर्शन के दौरान “साध्वी माताओं को न्याय दो”, “दोषियों को फांसी दो” और “संत समाज की सुरक्षा सुनिश्चित करो” जैसे नारों से पूरा नगर गूंज उठा। वातावरण अत्यंत भावुक और आक्रोशपूर्ण दिखाई दिया।
इस दौरान श्री सुधर्म जैन श्रावक संघ सैलाना के अध्यक्ष विजय डोशी, श्री जैन श्वेतांबर मूर्तिपूजक श्रीसंघ सैलाना के अध्यक्ष सुरेंद्र मेहता, वर्धमान स्थानकवासी श्रावक संघ सैलाना के अध्यक्ष राजेश सियार, श्री दिगंबर जैन समाज सैलाना के अध्यक्ष मनीष ग्वालियरी सहित बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे। ज्ञापन का वाचन एवं आभार प्रदर्शन सौरभ रांका ने किया।
Author: MP Headlines












