सैलाना। सैलाना नगर परिषद के वार्ड क्रमांक 14 स्थित उदय विहार कॉलोनी में लंबे समय से प्रतीक्षित सीसी रोड निर्माण कार्य का बुधवार देर शाम विधि-विधान एवं पूजा-अर्चना के साथ भूमिपूजन किया गया। लगभग 32 लाख रुपए की लागत से बनने वाली इस सड़क को क्षेत्र के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। भूमिपूजन कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों एवं बड़ी संख्या में कॉलोनीवासियों की उपस्थिति रही।

कार्यक्रम में विधायक कमलेश्वर डोडियार, पूर्व विधायक व जिला ग्रामीण कांग्रेस अध्यक्ष हर्षविजय गेहलोत, नगर परिषद अध्यक्ष चैतन्य शुक्ला, वार्ड पार्षद हेमलता धभाई एवं विशाल धभाई ने संयुक्त रूप से भूमि पूजन कर निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। इस दौरान पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल देखने को मिला।
जनप्रतिनिधियों ने अपने संबोधन में कहा कि नगर परिषद द्वारा शहर के विभिन्न वार्डों में लगातार विकास कार्य कराए जा रहे हैं और नागरिक सुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने बताया कि उदय विहार कॉलोनी में बनने वाली सीसी रोड से क्षेत्रवासियों को आवागमन में बड़ी राहत मिलेगी। विशेष रूप से बरसात के मौसम में कीचड़, जलभराव और खराब रास्तों की समस्या से लोगों को निजात मिलेगी।

विधायक कमलेश्वर डोडियार ने कॉलोनी में नाली निर्माण के लिए राशि स्वीकृत होने की जानकारी देते हुए कहा कि क्षेत्र के समग्र विकास के लिए सड़क और जल निकासी जैसी मूलभूत सुविधाओं का विस्तार लगातार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों के माध्यम से नागरिकों को बेहतर जीवन सुविधाएं उपलब्ध कराना प्राथमिक उद्देश्य है।
कार्यक्रम में पार्षद मुकेश पटेल, कुलदीप कुमावत, जगदीश पाटीदार, मंगलेश कसेरा, पार्षद प्रतिनिधि प्रशांत मांडोत, किशोर कसेरा, रामप्रसाद चंदेल, एल्डरमैन नाथूलाल राठौड़, सीएमओ मनोज शर्मा, भीमसेन लहरी, मोनू शर्मा, शहर कांग्रेस अध्यक्ष सुशील मांडोत सहित बड़ी संख्या में वार्डवासी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
Author: MP Headlines












