सराफा एसोसिएशन ने चोरी का खुलासा करने वाली पुलिस टीम और पत्रकारों का किया सम्मान

जनता की सेवा करने में सुकून मिलता हैं  – एसडीओपी नीलम बघेल

सैलाना। नगर के एक ज्वेलर्स व्यवसायी की दुकान में हुई लाखों रुपये के सोने-चांदी की चोरी का चंद घंटों में खुलासा करने वाली पुलिस टीम का सराफा एसोसिएशन द्वारा स्थानीय कार्तिक गार्डन में आयोजित गरिमामय समारोह में सम्मान किया गया। इस अवसर पर मामले में सक्रिय भूमिका निभाने वाले प्रेस क्लब के पत्रकारों का भी शॉल-श्रीफल भेंट कर अभिनंदन किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए एसडीओपी नीलम बघेल ने कहा कि जनता का विश्वास ही पुलिस का सबसे बड़ा हौसला है। चोरी की इस चुनौतीपूर्ण वारदात को साइबर टीम और पुलिस बल ने दिन-रात मेहनत कर सुलझाया। उन्होंने नागरिकों से बेहतर गुणवत्ता वाले सीसीटीवी कैमरे लगाने की अपील भी की। उन्होंने कहा कि जब पुलिस किसी मामले का सफलतापूर्वक खुलासा कर लोगों में सुरक्षा का भाव पैदा करती है तो कार्य की सार्थकता महसूस होती है।

थाना प्रभारी पिंकी आकाश ने कहा कि बीच बाजार में हुई चोरी की घटना पुलिस के लिए बड़ी चुनौती थी। टीम ने लगातार मेहनत कर मामले का खुलासा किया और जनता का भरोसा कायम रखा। उन्होंने साइबर सेल की भूमिका को भी महत्वपूर्ण बताया।

पूर्व थाना प्रभारी एवं वर्तमान बिलपांक थाना प्रभारी अय्यूब खान ने कहा कि हर अपराध पुलिस के लिए चुनौती होता है और अपराधियों को यह समझ लेना चाहिए कि पुलिस उनसे हमेशा एक कदम आगे रहती है। सैलाना क्षेत्र की जानकारी होने के कारण उन्हें भी इस मामले की जांच में जिम्मेदारी सौंपी गई थी।

साइबर सेल के प्रधान आरक्षक लक्ष्मीनारायण सूर्यवंशी ने कहा कि मामले का सफल खुलासा ही उनकी टीम के लिए सबसे बड़ी उपलब्धि है। साइबर जांच की तकनीकी प्रक्रियाओं को सार्वजनिक मंच पर विस्तार से बताना उचित नहीं होता।

सराफा एसोसिएशन अध्यक्ष दिनेश सोनी ने स्वागत भाषण में पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए कहा कि इस घटना के बाद व्यापारियों का पुलिस के प्रति विश्वास और मजबूत हुआ है। उन्होंने पूरी पुलिस टीम के प्रति आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर दिनेश सोनी, मनीष ग्वालियरी, ओमप्रकाश सोनी, महेंद्र ग्वालियरी, योगेश संघवी, अनुकूल सोनी सहित अन्य व्यापारियों ने पुलिस अधिकारियों तथा प्रेस क्लब अध्यक्ष सुरेश मालवीय, वरिष्ठ पत्रकार विमल कटारिया, वीरेन्द्र त्रिवेदी, संतोष धाभाई, विमल मांडोत, कैलाश परिहार, मनोज भंडारी, संजय शर्मा, कृष्णा राठौर एवं पंकज राणावत का शॉल-श्रीफल भेंट कर सम्मान किया। कार्यक्रम का संचालन विभोर ग्वालियरी ने किया तथा आभार प्रदर्शन जीतेन्द्र रांका ने किया।

MP Headlines
Author: MP Headlines

Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp