नीम पेड़ हादसे के बाद बढ़ा विवाद, एल्डरमैन नाथूलाल राठौड़ पर एफआईआर दर्ज

सैलाना। गत सोमवार को दोपहर बस स्टैंड क्षेत्र में विशाल नीम का पेड़ गिरने की घटना के बाद शुरू हुआ विवाद लगातार नए मोड़ ले रहा है। मंगलवार को ड्यूटी चिकित्सक ने घायल के उपचार के दौरान नगर परिषद के एल्डरमैन नाथूलाल राठौड़ के खिलाफ अभद्र व्यवहार एवं शासकीय कार्य में बाधा डालने की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने चिकित्सक की रिपोर्ट पर विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

सोमवार को पेड़ गिरने की घटना में अरुण पुत्र राजेश राठौड़ घायल हो गए थे। उन्हें नाथूलाल राठौड़ और अन्य लोगों की सहायता से सैलाना शासकीय अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल में उपचार को लेकर चिकित्सक, स्टाफ और राठौड़ के बीच विवाद की स्थिति बन गई। ड्यूटी चिकित्सक डॉ. नीरजसिंह चौहान ने आरोप लगाया कि उपचार के दौरान राठौड़ ने उनके साथ अभद्र व्यवहार किया, हाथापाई की तथा शासकीय कार्य में हस्तक्षेप किया।

दूसरी ओर नाथूलाल राठौड़ ने पुलिस थाने में आवेदन देकर चिकित्सक एवं अस्पताल स्टाफ पर लापरवाही और झूठी शिकायत करने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि घायल को अस्पताल ले जाने के बावजूद समय पर उपचार नहीं मिला, जिसके कारण उसे निजी वाहन से रतलाम मेडिकल कॉलेज रेफर करना पड़ा।

चिकित्सक पर लगाए देरी से आने के आरोप
राठौड़ ने दावा किया कि संबंधित चिकित्सक समय पर उपलब्ध नहीं थे और अस्पताल में घायल के उपचार की उचित व्यवस्था नहीं की गई। उन्होंने कहा कि अस्पताल में मौजूद अन्य लोग भी इस बात की पुष्टि कर सकते हैं कि उन्होंने किसी प्रकार का विवाद नहीं किया। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर उनके खिलाफ दर्ज एफआईआर निरस्त करने की मांग की है।

पुलिस ने शुरू की जांच
थाना प्रभारी पिंकी आकाश ने बताया कि चिकित्सक की शिकायत पर नाथूलाल राठौड़ के खिलाफ शासकीय कार्य में बाधा डालने सहित विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज किया गया है। वहीं राठौड़ द्वारा दिया गया आवेदन भी जांच में शामिल किया गया है। जांच पूरी होने के बाद विधि सम्मत कार्रवाई की जाएगी।

MP Headlines
Author: MP Headlines

Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp