सैलाना/रतलाम,1 जून। सैलाना नगर के मुख्य मार्ग स्थित बस स्टैंड क्षेत्र में सोमवार दोपहर एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब वर्षों पुराना एक विशाल नीम का पेड़ अचानक सड़क पर गिर पड़ा। घटना में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि कुछ वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। पेड़ गिरने के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया था और मुख्य मार्ग पर यातायात बाधित हो गया था।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार घटना दोपहर करीब 11 से 12 बजे के बीच हुई। इसी दौरान वहां से गुजर रहे सैलाना निवासी अरुण पिता राजू राठौड़ पेड़ की चपेट में आ गए। हादसे में उनके पैर एवं पसलियों में चोट आई। वहीं दो अन्य व्यक्तियों को भी मामूली चोटें आईं। स्थानीय लोगों की मदद से घायल को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए रतलाम रेफर कर दिया गया।

पेड़ गिरने से मुख्य मार्ग पूरी तरह अवरुद्ध हो गया था तथा क्षेत्र की बिजली आपूर्ति भी प्रभावित हुई थी। सूचना मिलते ही तहसीलदार कुलभूषण शर्मा एवं थाना प्रभारी पिंकी आकाश मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। तहसीलदार ने अस्पताल पहुंचकर घायल युवक के स्वास्थ्य की जानकारी भी ली।
अधिकारियों ने, पुलिस एवं स्थानीय नागरिकों के सहयोग से करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद सड़क पर गिरे पेड़ और क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाया गया। इसके बाद यातायात व्यवस्था पुनः सुचारु हो सका। इस घटना में सैलाना अस्पताल में उपचार के दौरान ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सक और नगर परिषद के एल्डरमैन नाथुलाल राठौड़ के बीच कहासुनी होने की चर्चा भी रही, जिससे कुछ समय के लिए विवाद की स्थिति निर्मित हो गई थी।

पेड़ गिरने की घटना के बाद बढ़ा विवाद मांडोंत ने सैलाना पुलिस थाना पहुँच कर अध्यक्ष शुक्ला के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई
नीम का पेड़ गिरने की घटना के बाद मामला उस समय और अधिक चर्चाओं में आ गया जब समाजसेवी एवं पार्षद प्रतिनिधि प्रशांत मांडोत ने नगर परिषद अध्यक्ष चैतन्य उर्फ लक्की शुक्ला के विरुद्ध मारपीट एवं धमकी देने की शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस में दर्ज रिपोर्ट के अनुसार नेहरू मार्ग निवासी एवं व्यवसायी प्रशांत मांडोत ने बताया कि वह घटना के बाद बस स्टैंड तिराहे पर प्रशासनिक अधिकारियों से चर्चा कर रहे थे। इसी दौरान चैतन्य शुक्ला वहां पहुंचे और कथित रूप से गाली-गलौज करते हुए उनके साथ मारपीट की। शिकायत में जान से मारने की धमकी देने का आरोप भी लगाया गया है। फरियादी ने छाती, सिर और गाल पर चोट लगने की बात कही है। साथ ही यह भी आरोप लगाया गया कि घटना के बाद आरोपी उन्हें उनकी दुकान पर तलाशते हुए भी पहुंचा था।
सैलाना थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी पिंकी आकाश ने बताया कि मामले की जांच आरक्षक संदीप सिंह भदौरिया को सौंपी गई है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल घायल मांडोत का उपचार जारी है तथा पेड़ गिरने की घटना एवं उससे जुड़े विवाद दोनों ही क्षेत्र में चर्चा का विषय बने हुए हैं। वही विधायक कमलेश्वर डोडियार भी पहुंचे मांडोत के निवास पर स्वास्थ्य एव घटना स्थिति की जानकारी ली। विधायक ने कहा सार्वजनिक पद पर बैठे व्यक्ति द्वारा इस प्रकार का व्यवहार लोकतांत्रिक मूल्यों के अनुरूप नहीं है। उन्होंने प्रशासन से निष्पक्ष कार्रवाई की अपेक्षा भी जताई।
नगर परिषद अध्यक्ष व कर्मचारी ने पार्षद पति पर लगाए अभद्रता, मारपीट और शासकीय कार्य में बाधा के आरोप : एफआईआर दर्ज करने की मांग
दूसरी ओर नगर परिषद अध्यक्ष चैतन्य शुक्ला एवं नगर परिषद कर्मचारी महेश गोसर ने भी सैलाना थाने में लिखित शिकायत देकर प्रशांत मांडोत पर अभद्रता, गाली-गलौज, मारपीट तथा शासकीय कार्य में बाधा डालने के आरोप लगाए हैं। शिकायत के अनुसार नीम का पेड़ गिरने के बाद नगर परिषद की टीम राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हुई थी। इसी दौरान कथित रूप से विवाद की स्थिति बनी, जिससे कार्य प्रभावित हुआ। दोनों ने मामले में एफआईआर दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
सैलाना थाना पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायतें प्राप्त कर जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी पिंकी आकाश ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है तथा तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
Author: MP Headlines












