जिला जनसुनवाई में 144 आवेदन पर हुई सुनवाई

रतलाम 2 जून/ कलेक्टर कार्यालय में आज मंगलवार को कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह के निर्देशानुसार जनसुनवाई आयोजित की गई। कलेक्टर कार्यालय सभाकक्ष में सीईओ जिला पंचायत सुश्री वैशाली जैन एवं एडीएम डॉ शालिनी श्रीवास्तव ने आवेदको को सुना एवं आवेदकों से आवेदन प्राप्त किये। जनसुनवाई में 144 आवेदन प्राप्त हुए। निराकरण योग्य आवेदनों का मौके पर ही उपस्थित विभागीय अधिकारियों से निराकरण करवाया गया एवं शेष आवेदनों का समय सीमा में निराकरण करने के लिए संबंधित विभाग प्रमुखों को निर्देशित किया गया।

जनसुनवाई में आवेदिका मांगू बाई निवासी हनुमान गली सरसोदा ने बताया गया कि उनके पति का पंजीयन भवन एवं अन्य संनिर्माण कर्मकार कल्याण मंडल में श्रमिक के रूप में था। पति की मृत्यु 13 जनवरी 2024 को हो गई थी, लेकिन मृत्यु के बाद उन्हें शासन की किसी भी योजना अथवा श्रमिक कल्याण मंडल की ओर से आर्थिक सहायता प्राप्त नहीं हुई है। कार्यवाही हेतु सीईओ जनपद पंचायत को निर्देशित किया गया।

आवेदिका रजिया पति सुल्तान निवासी हरथली ने बताया कि उनके पति के नाम ग्राम हरथली में कृषि भूमि दर्ज है। उनके पति लगभग छह वर्ष से लकवा बीमारी से ग्रसित है, वे ही परिवार और खेती की जिम्मेदारी संभाल रही हैं। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की एक भी किस्त की राशि अब तक प्राप्त नहीं हुई है। कार्यवाही हेतु तहसीलदार रतलाम ग्रामीण को निर्देशित किया।

आवेदक रामा पिता जीवणा निवासी ग्राम हरसौला तहसील सैलाना ने बताया कि उनके नाम दो कृषि खाते है जो कि उनकी माताजी के नाम से राजस्व रिकॉर्ड में दर्ज है उक्त भूमि के सीमांकन हेतु अन्य व्यक्ति द्वारा लोक सेवा केंन्द्र में आवेदन प्रस्तुत किया गया है रामा ने आवेदन को निरस्त करने के संबंध में आवेदन दिया। कार्यवाही हेतु तहसीलदार सैलाना को निर्देशित किया गया।

जनसुनवाई में आवेदक दिनेश पिता वालीया निवासी ग्राम जामदा भीलान तहसील सैलाना ने बताया कि 15 से 20 वर्षों से उनका परिवार एवं अन्य ग्रामीण जिस रास्ते का उपयोग आवागमन के लिए करते आ रहे हैं। प्रतिप्राथी द्वारा  उक्त रास्ते पर अतिक्रमण कर लिया गया है, जिससे आने जाने में बाधा उत्पन्न हो रही है। साथ ही विरोध करने पर विवाद किया जा रहा है। कार्यवाही हेतु एसडीएम सैलाना को निर्देशित किया गया।

MP Headlines
Author: MP Headlines

Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp