सैलाना। सैलाना नगर में बरसात शुरू होने से पहले ही सैलाना में हरे-भरे बड़े वृक्षों के गिरने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। सोमवार को मुख्य मार्ग पर नीम का पेड़ गिरने से दो लोग घायल हुए थे, वहीं बुधवार को हाई सेकेंडरी स्कूल सांदीपनी बालक स्कूल के मेंन गेट के नजदीक खेल मैदान के पास एक विशाल पीपल का पेड़ अचानक धराशायी हो गया।

गनीमत है कि पेड़ मैदान की ओर गिरा, जिससे स्कूल की बाउंड्री वॉल टूट गई और पास की सीसी रोड क्षतिग्रस्त हो गई। वही घटना के समय मैदान में उस स्थान पर बच्चे मौजूद नहीं थे, क्योंकि इस पीपल के आसपास मैदान में बच्चे बूढ़े अक्सर दिखते रहते हैं अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था। पेड़ गिरने की तेज आवाज से आसपास अफरा-तफरी मच गई।
सूचना मिलते ही तहसीलदार कुलभूषण शर्मा और नगर परिषद का अमला मौके पर पहुंचा तथा सुरक्षा के लिए बैरिकेडिंग की गई। स्थानीय नागरिकों ने नगर में जर्जर और खतरा बने पेड़ों की पहचान कर समय रहते कार्रवाई की मांग की है।
मुख्य नगर परिषद अधिकारी मनोज कुमार शर्मा ने बताया कि पेड़ हटाने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। नगर में चिन्हित जोखिमपूर्ण पेड़ों की छंटाई भी जल्द कराई जाएगी, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की जनहानि न हो।

दयानंद गली में भी खतरा बना इमली का पेड़
स्थानीय लोगों ने दयानंद गली स्थित एक पुराने इमली के पेड़ की ओर भी प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया है। बताया जा रहा है कि पेड़ की जड़ों के पास लगातार मिट्टी हटने से उसके गिरने की आशंका बनी हुई है। नागरिकों ने समय रहते आवश्यक कदम उठाने की मांग की है।
Author: MP Headlines












