आरसीसी नाला निर्माण की मांग के साथ तीनों विभागों को किया सचेत, विलंब पर जताई जवाबदेही तय होने की आशंका”
रतलाम/सैलाना। सैलाना विधायक कमलेश्वर डोडियार ने सैलाना नगर के शिवगढ़ रोड़ की वर्षों पुरानी जलभराव समस्या के स्थायी समाधान के लिए प्रशासन को पत्र लिखकर दिलीप मार्ग स्थित मुख्य तालाब के पास आरसीसी नाला निर्माण की मांग की है। पत्र एसडीएम, लोक निर्माण विभाग और नगर परिषद को भेजा गया है।

विधायक ने बताया कि मानसून में तालाब का अतिरिक्त पानी सैलाना-शिवगढ़ मार्ग पर आ जाने से दो-तीन घंटे की बारिश में सड़क पर 2 से 3 फीट तक पानी भर जाता है, जिससे मार्ग अवरुद्ध हो जाता है और एम्बुलेंस व अन्य आपातकालीन सेवाएं भी प्रभावित होती हैं। उन्होंने वर्ष 2025 में एक गर्भवती महिला को उपचार के लिए रतलाम भेजने में हुई चार घंटे की देरी का उल्लेख करते हुए समस्या की गंभीरता बताई।

उन्होंने कहा कि इस मार्ग से प्रतिदिन स्कूली छात्र, कॉलेज विद्यार्थी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में नागरिक आवागमन करते हैं। जलभराव से न केवल जनजीवन प्रभावित होता है, बल्कि आसपास के 150 से अधिक व्यापारिक प्रतिष्ठानों को भी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है।
विधायक ने पत्र में उल्लेख किया कि स्थानीय नागरिक पिछले पांच-छह वर्षों से समस्या के समाधान की मांग कर रहे हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने मुख्य तालाब के किनारे आरसीसी नाला बनाकर अतिरिक्त पानी को नगर से बाहर निचले क्षेत्र तक पहुंचाने का प्रस्ताव दिया है।
साथ ही तीनों विभागों से समन्वय बनाकर शीघ्र कार्रवाई करने की मांग करते हुए चेतावनी दी कि यदि मानसून से पहले आवश्यक कार्य नहीं हुए और किसी प्रकार की जनहानि या गंभीर स्थिति उत्पन्न होती है तो संबंधित विभाग जिम्मेदार होंगे। विधायक की इस पहल से नगरवासियों ने जल्द समाधान की उम्मीद जताई है।
Author: MP Headlines












