जनवरी 2026 से शुरू हुई यह पहल अब क्षेत्र में सुशासन का प्रभावी मॉडल बनती जा रही है
सैलाना/रतलाम। कलेक्टर मिशा सिंह के निर्देशानुसार प्रत्येक बुधवार आयोजित किए जा रहे सुलभ सुशासन दिवस का सकारात्मक प्रभाव अब सैलाना तहसील में दिखाई देने लगा है। बुधवार को तहसील कार्यालय में आयोजित शिविर में दूर-दराज के गांवों से पहुंचे किसानों एवं ग्रामीणों की राजस्व संबंधी समस्याओं का मौके पर ही निराकरण किया गया।

एसडीएम तरुण जैन, तहसीलदार कुलभूषण शर्मा, नायब तहसीलदार, राजस्व निरीक्षक, पटवारी एवं समस्त राजस्व अमला एक ही स्थान पर उपस्थित रहा, जिससे लोगों को अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़े। शिविर में सैलाना, सरवन, बेड़दा, सकरावदा एवं शिवगढ़ क्षेत्र से बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे और नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन, रिकॉर्ड सुधार सहित विभिन्न प्रकरणों का समाधान कराया।
कार्यक्रम के दौरान कुल 71 हितग्राहियों को विभिन्न राजस्व सेवाओं का लाभ दिया गया। वहीं जिन किसानों के नामांतरण एवं अन्य प्रकरण पूर्ण हो चुके थे, उन्हें मौके पर ही अद्यतन खसरा एवं राजस्व रिकॉर्ड वितरित किए गए। वर्षों से लंबित कार्य पूरे होने और रिकॉर्ड हाथ में मिलने पर किसानों के चेहरों पर खुशी दिखाई दी।

एसडीएम तरुण जैन ने बताया कि प्रशासन का उद्देश्य किसानों एवं आम नागरिकों को सरल, पारदर्शी और त्वरित सेवाएं उपलब्ध कराना है। वहीं तहसीलदार कुलभूषण शर्मा ने कहा कि अब गांव-गांव तक इस पहल की जानकारी पहुंचने से बड़ी संख्या में लोग इसका लाभ लेने लगे हैं और राजस्व व्यवस्था के प्रति उनका विश्वास बढ़ा है। जनवरी 2026 से शुरू हुई यह पहल अब क्षेत्र में सुशासन का प्रभावी मॉडल बनती जा रही है, जहां एक ही दिन में वर्षों से लंबित कार्यों का समाधान हो रहा है।
Author: MP Headlines












