पुरुषोत्तम मास में भक्ति की सरिता, संगीतमय श्रीमद्भागवत कथा का श्रद्धापूर्वक शुभारंभ

सैलाना। पुरुषोत्तम (अधिक) मास के पावन अवसर पर सैलाना के ओशीन परिसर में गुरुवार से आयोजित सप्त दिवसीय संगीतमय श्रीमद्भागवत कथा का शुभारंभ भक्तिमय वातावरण में हुआ। नगर में सुबह से ही धार्मिक उल्लास और श्रद्धा का माहौल देखने को मिला।

कथा प्रारंभ होने से पूर्व प्रातः 10 बजे रंगवाड़ी मोहल्ला स्थित सनाड्य मंदिर से श्रीमद्भागवत पोथी का भव्य चल समारोह निकाला गया। श्रद्धालु भजन-कीर्तन और जयघोष करते हुए नगर के प्रमुख मार्गों से होकर कथा स्थल पहुंचे। कथा स्थल पर विधि-विधान एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजा-अर्चना कर श्रीमद्भागवत कथा का शुभारंभ किया गया।

प्रथम दिवस कथा वाचक पंडित कुलदीप गुरु भट्ट ने श्रीमद्भागवत महात्म्य, अमर कथा, महाराज परीक्षित के जन्म तथा श्री शुकदेव जी के प्राकट्य प्रसंग का भावपूर्ण वर्णन किया। उन्होंने कहा कि श्रीमद्भागवत कथा केवल धार्मिक ग्रंथ नहीं, बल्कि मानव जीवन को सत्य, धर्म, भक्ति और सदाचार का मार्ग दिखाने वाली दिव्य ज्ञानगंगा है। भागवत श्रवण से मन में सकारात्मकता, आत्मिक शांति और ईश्वर के प्रति समर्पण की भावना विकसित होती है।
उन्होंने बताया कि पुरुषोत्तम मास भगवान विष्णु को अत्यंत प्रिय है। इस पावन मास में जप, तप, दान, सेवा और कथा श्रवण का विशेष महत्व है तथा इससे आध्यात्मिक उन्नति के साथ जीवन में सुख, शांति और मंगल का संचार होता है।

कथा के दौरान प्रस्तुत संगीतमय भजनों ने श्रद्धालुओं को भक्ति रस में सराबोर कर दिया। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने कथा श्रवण कर धर्म लाभ प्राप्त किया और पूरे परिसर में भक्तिमय वातावरण बना रहा। इस पुण्य आयोजन के यजमान राजेंद्र पाराशर, सौ. शशि पाराशर एवं समस्त पाराशर परिवार हैं। कथा का आयोजन आगामी बुधवार तक प्रतिदिन होगा, जिसमें श्रीमद्भागवत के विभिन्न दिव्य प्रसंगों का रसपान कराया जाएगा। आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखा जा रहा है।

MP Headlines
Author: MP Headlines

Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp