सैलाना। रतलाम जिले के सैलाना नगर में सामाजिक सरोकारों और जनसेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को आगे बढ़ाते हुए वी.डी. ग्रुप सैलाना द्वारा लायन्स क्लब जावरा के सहयोग से 6 जून को विशाल निःशुल्क नेत्र परीक्षण एवं स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया जा रहा है। यह शिविर क्षेत्र के जरूरतमंद एवं आम नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

ग्रुप संचालक विशाल धभाई ने बताया कि शिविर में अनुभवी एवं विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम द्वारा नेत्र परीक्षण के साथ-साथ सामान्य स्वास्थ्य जांच भी की जाएगी। शिविर का उद्देश्य ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्र के नागरिकों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करते हुए उन्हें निःशुल्क चिकित्सा परामर्श और जांच सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
उन्होंने बताया कि शिविर शनिवार, 6 जून को प्रातः 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक खाकी बाबा हनुमान मंदिर, कसेरा धर्मशाला के पास, सैलाना में आयोजित होगा। विशेष रूप से नेत्र परीक्षण के दौरान जिन मरीजों में मोतियाबिंद की समस्या पाई जाएगी, उनका निःशुल्क ऑपरेशन लायन्स नेत्र चिकित्सालय, जावरा में कराया जाएगा, जिससे आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों को बड़ी राहत मिलेगी।
आयोजकों ने बताया कि नेत्र परीक्षण कराने वाले सभी मरीज अपने साथ आधार कार्ड अवश्य लेकर आएं ताकि आवश्यक औपचारिकताएं पूरी की जा सकें। वी.डी. ग्रुप सैलाना की यह जनहितैषी पहल न केवल स्वास्थ्य सेवाओं को आमजन तक पहुंचाने का कार्य करेगी, बल्कि समाज में सेवा, सहयोग और मानवीय संवेदनाओं का भी प्रेरणादायी संदेश देगी। आयोजकों ने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर शिविर का लाभ लेने एवं अन्य जरूरतमंद लोगों को भी इसकी जानकारी देने की अपील की है।
Author: MP Headlines












