सैलाना। रतलाम जिले के सैलाना नगर के विकास एवं नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में शुक्रवार को भाजपा के पार्षदों एवं एल्डरमैनों ने मुख्य नगर पालिका अधिकारी मनोज शर्मा से मुलाकात कर नगर की विभिन्न जनसमस्याओं एवं आवश्यक विकास कार्यों को लेकर विस्तृत चर्चा की।

प्रतिनिधियों ने आगामी वर्षा ऋतु को देखते हुए सैलाना नगर के विभिन्न क्षेत्रों में संभावित जलभराव की समस्या पर विशेष ध्यान आकर्षित किया। उन्होंने कुमावतपुरा, पिपलोदा रोड, मलेनी नदी क्षेत्र में जलभराव न हो सहित अन्य प्रभावित स्थानों पर आवश्यक व्यवस्थाएं करने का आग्रह किया, ताकि बारिश के दौरान आम नागरिकों को परेशानी का सामना न करना पड़े। साथ ही शास्त्री मार्ग, नाला रोड एवं दिलीप मार्ग से उदय विहार कॉलोनी की ओर जाने वाले मार्ग पर जल निकासी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए दिलीप मार्ग रोड क्रॉसिंग पर बड़े पाइप डालने एवं आवश्यक निर्माण कार्य कराने का सुझाव दिया गया। इस संबंध में नगर परिषद द्वारा पीडब्ल्यूडी विभाग के समन्वय से कार्य करवाने पर भी चर्चा हुई।
बैठक में नगर के ऐसे जर्जर एवं खतरनाक पेड़ों की पहचान कर उन्हें समय रहते छटनी कर हटाने की मांग भी रखी गई, जो भविष्य में दुर्घटनाओं का कारण न बन सके। प्रतिनिधियों ने नगरवासियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए शीघ्र कार्रवाई की आवश्यकता जताई। इसके अलावा नागरिकों को मिलने वाली मूलभूत सुविधाओं को और बेहतर बनाने संबंधी विभिन्न सुझाव भी मुख्य नगर पालिका अधिकारी के समक्ष रखे गए।
सीएमओ मनोज शर्मा ने सभी समस्याओं एवं सुझावों पर सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन देते हुए कहा कि नगरहित से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा।
इस अवसर पर भाजपा मंडल अध्यक्ष पंकज राठौर,पार्षद एवं प्रतिपक्ष नेता मुकेश पटेल, पार्षद कुलदीप कुमावत, पार्षद प्रतिनिधि किशोर कसेरा, एल्डरमैन रवि शर्मा, नाथुलाल राठोड़, वर्दीचंद भुरु पाटीदार सहित अन्य उपस्थित रहे।
Author: MP Headlines












