सैलाना। नगर के बायपास रोड़ सांदीपनि शा मॉडल स्कूल, सैलाना में शिक्षकों एवं विद्यार्थियों द्वारा महान पार्श्व गायिका आशा भोंसले को उनके अमर गीतों की प्रस्तुति के माध्यम से भावपूर्ण स्वरांजलि अर्पित की गई।

कार्यक्रम की शुरुआत आशा भोंसले के जीवन संघर्ष, संगीत साधना एवं उनके गौरवशाली गायन सफर की संक्षिप्त प्रस्तुति से हुई। शिक्षक कमलेश पाटीदार ने विद्यार्थियों को आशा भोंसले के जीवन परिचय एवं भारतीय संगीत जगत में उनके अतुलनीय योगदान की जानकारी दी।
संस्था के प्राचार्य गिरीश सारस्वत ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों को देश की संगीत विरासत, महान कलाकारों के योगदान तथा सांस्कृतिक मूल्यों से परिचित कराने के उद्देश्य से आयोजित किए जाते हैं। कार्यक्रम के दौरान संगीत शिक्षक नवीन उपाध्याय ने आशा भोंसले के लोकप्रिय गीत “अभी न जाओ छोड़कर, ये दिल अभी भरा नहीं” तथा “आज जाने की जिद न करो” को अपने सुरीले अंदाज में प्रस्तुत कर वातावरण को भावुक बना दिया। उनकी प्रस्तुति ने उपस्थित सभी लोगों को भाव-विभोर कर दिया।

इस अवसर पर विद्यार्थियों ने विभिन्न संगीत वाद्ययंत्रों पर आशा भोंसले के प्रसिद्ध गीतों की मधुर धुनें प्रस्तुत कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। शिक्षक योगेश परमार, सुरेश बानिया, इमरोज खान, ऋषिकांत देवड़ा, किरण देदरा, पद्मिनी डोडियार, श्वेता नागर, सुरभि व्यास, शारदा गौड़, नाविस्ता अली एवं सलोनी सोनावा ने भी आशा भोंसले के गीतों की सुमधुर प्रस्तुतियां दीं।

कार्यक्रम में संस्था के वरिष्ठ शिक्षक अशोक सिंह गौर, रवि जोनवाल, कैलाश मकवाना, एल.एन. प्रजापत, रेव सिंह वासुनिया सहित विद्यालय परिवार के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
Author: MP Headlines













