सैलाना में भाजपा की नई तस्वीर: संगीता चारेल और क्रांति जोशी के मिलन से कार्यकर्ताओं में उत्साह
सैलाना। सैलाना नगर में रविवार देर रात्री को भाजपा संगठन कीएकजुटता और समन्वय का ऐतिहासिक दृश्य देखने को मिला। नगर के कालिका माता रोड स्थित कार्तिक गार्डन में आयोजित भव्य मिलन समारोह में भाजपा के दोनों गुटों ने संगठन को सर्वोपरि मानते हुए एकता, समर्पण और सामूहिक नेतृत्व का संदेश दिया।

कार्यक्रम में सैलाना विधानसभा की पूर्व विधायक संगीता चारेल तथा भाजपा जिला उपाध्यक्ष एवं सैलाना नगर परिषद की पूर्व अध्यक्ष क्रांति जोशी ने एक-दूसरे को पुष्पमाला पहनाकर और मिठाई खिलाकर आत्मीय स्वागत किया। इस अवसर पर दोनों वरिष्ठ नेताओं ने पार्टी हितों को सर्वोच्च बताते हुए आपसी समन्वय और संगठनात्मक मजबूती का परिचय दिया।
समारोह में उपस्थित कार्यकर्ताओं ने इस ऐतिहासिक मिलन का उत्साहपूर्वक स्वागत किया। दोनों पक्षों के कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे से मिलकर संगठन की मजबूती के लिए कार्य करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के दौरान भाजपा की आगामी रणनीतियों, संगठन विस्तार, जनसंपर्क अभियान तथा क्षेत्र के विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तृत चर्चा और जनसंवाद भी हुआ।
वक्ताओं ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का मूल मंत्र “संगठन सर्वोपरि” है और “सबका साथ, सबका विकास” की भावना के साथ कार्य करते हुए पार्टी को और अधिक मजबूत बनाया जाएगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आगामी चुनावी और संगठनात्मक गतिविधियों में पूरी सक्रियता के साथ भागीदारी निभाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम के समापन पर सामूहिक मिलन एवं भोज का आयोजन किया गया, जिसमें सैलाना विधानसभा क्षेत्र के भाजपा पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने सहभागिता की। पूरे आयोजन में उत्साह, सौहार्द और संगठनात्मक एकता का माहौल देखने को मिला, जिसने यह संदेश दिया कि भाजपा कार्यकर्ता पार्टी और जनता के हित में एकजुट होकर आगे बढ़ने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
पूर्व विधायक संगीता चारेल और पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष क्रांति जोशी ने पुष्पमाला एवं मिठाई से किया स्वागत, संगठन सर्वोपरि, सशक्त संगठन, सकारात्मक राजनीति,
विकास ही हमारी नीति, के मंत्र के साथ आगामी रणनीति पर हुआ मंथन।
Author: MP Headlines












