अपने पक्के घर का सपना साकार होने की दिशा में बढ़ा महत्वपूर्ण कदम
सैलाना। नगर परिषद सैलाना द्वारा शनिवार को विक्टोरिया तालाब के समीप स्थित मांगलिक भवन में प्रधानमंत्री आवास योजना 2.0 के अंतर्गत पात्र 45 हितग्राहियों को आवास स्वीकृति प्रमाण पत्र वितरित किए गए। कार्यक्रम में नगर परिषद अध्यक्ष चैतन्य शुक्ला के मुख्य आतिथ्य में हितग्राहियों को स्वीकृति पत्र प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं।

इस अवसर पर भाजपा मंडल अध्यक्ष पंकज राठौर, नेता प्रतिपक्ष मुकेश पाटीदार, पार्षद मंगलेश कसेरा, एल्डरमैन नाथूलाल राठौड़, पार्षद विशाल धबाई, कुलदीप सिलावट, चंदा पारगी, पार्षद प्रतिनिधि प्रशांत मांडोत, किशोर पाटीदार, अखिल राठौड़ एवं किशोर कसेरा सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को भाजपा मंडल अध्यक्ष पंकज राठौड ने संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना 2.0 आर्थिक रूप से कमजोर एवं जरूरतमंद परिवारों को पक्का और सम्मानजनक आवास उपलब्ध कराने की केंद्र सरकार की महत्वपूर्ण योजना है। इसके माध्यम से प्रत्येक पात्र परिवार को अपना घर उपलब्ध कराने का लक्ष्य साकार किया जा रहा है।
जनप्रतिनिधियों ने हितग्राहियों को स्वीकृति प्रमाण पत्र प्रदान करते हुए समयबद्ध तरीके से आवास निर्माण कार्य पूर्ण करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि योजना का उद्देश्य केवल मकान उपलब्ध कराना ही नहीं, बल्कि जरूरतमंद परिवारों को सुरक्षित एवं सम्मानजनक जीवन प्रदान करना भी है।

कार्यक्रम में नगर परिषद के लेखापाल भीमसेन लहरी, अभिमन्यु ग्वाले, हुकमीचंद परिहार, धन्नालाल परमार सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। बड़ी संख्या में हितग्राहियों एवं उनके परिजनों ने समारोह में भाग लिया।
स्वीकृति प्रमाण पत्र प्राप्त करने वाले हितग्राहियों ने प्रधानमंत्री आवास योजना के प्रति प्रसन्नता व्यक्त करते हुए शासन एवं नगर परिषद का आभार माना। पूरे कार्यक्रम के दौरान उत्साहपूर्ण वातावरण बना रहा तथा हितग्राहियों के चेहरों पर अपने पक्के मकान के सपने के साकार होने की खुशी साफ दिखाई दी।
Author: MP Headlines













