सैलाना। रामद्वारा से जुड़े घटनाक्रमों को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच सैलाना रामद्वारा बचाओ समिति के प्रतिनिधिमंडल ने राजस्थान के शाहपुरा (भीलवाड़ा) स्थित रामस्नेही सम्प्रदाय की प्रमुख गद्दी पर पहुंचकर अन्तर्राष्ट्रीय रामस्नेही सम्प्रदाय के मुख्य पीठाधीश्वर रामदयाल जी महाराज से आत्मीय भेंट की।

प्रतिनिधिमंडल ने सैलाना रामद्वारा में हाल ही में घटित घटनाक्रमों एवं वर्तमान परिस्थितियों की विस्तृत जानकारी मुख्य पीठाधीश्वर को दी। समिति सदस्यों ने रामद्वारा की परंपराओं, व्यवस्थाओं एवं श्रद्धालुओं की भावनाओं से भी उन्हें अवगत कराया।
इस दौरान मुख्य पीठाधीश्वर से सैलाना पधारकर श्रद्धालुओं को मार्गदर्शन प्रदान करने का आग्रह किया गया। समिति ने विश्वास व्यक्त किया कि उनके सैलाना आगमन से श्रद्धालुओं में सकारात्मक संदेश जाएगा तथा रामद्वारा से जुड़े विषयों के समाधान की दिशा में सार्थक पहल होगी। भेंट के दौरान धार्मिक एवं सामाजिक विषयों पर भी चर्चा हुई।
शाहपुरा में आयोजित इस मुलाकात में सैलाना क्षेत्र के अनेक भक्तजन एवं समिति के पदाधिकारी उपस्थित रहे। श्रद्धालुओं ने मुख्य पीठाधीश्वर का आशीर्वाद प्राप्त कर सैलाना आगमन का आग्रह दोहराया। समिति के सदस्यों ने बताया कि रामद्वारा की गरिमा, परंपरा और श्रद्धालुओं की आस्था की रक्षा के लिए उनके प्रयास निरंतर जारी रहेंगे।
Author: MP Headlines













