सैलाना। सैलाना क्षेत्र के ग्राम हरसोला में शनिवार देर रात उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब एक दुर्लभ एवं अत्यंत विषैला रसल वाइपर (Russell’s Viper) सांप दिखाई दिया। सांप के दिखाई देने से ग्रामीणों में दहशत फैल गई, जिसके बाद तत्काल वन विभाग को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही वन विभाग के रेंजर राधेश्याम जोशी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उनके साथ रतलाम के डोंगरे नगर निवासी सर्प विशेषज्ञ बहादुर मईडा ने भी मौके पर पहुंचकर अत्यंत सावधानी और कुशलता के साथ रसल वाइपर का सफलतापूर्वक रेस्क्यू किया।
रेस्क्यू के बाद सांप को सुरक्षित रूप से उसके प्राकृतिक आवास, जंगल क्षेत्र में छोड़ दिया गया। वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की कि यदि किसी भी प्रकार का सांप दिखाई दे तो उसे स्वयं पकड़ने या मारने का प्रयास न करें, बल्कि तुरंत वन विभाग या प्रशिक्षित रेस्क्यू टीम को सूचना दें।
रसल वाइपर भारत के सबसे खतरनाक विषैले सांपों में गिना जाता है। इसके काटने पर तत्काल चिकित्सा उपचार आवश्यक होता है। वन विभाग की त्वरित कार्रवाई और विशेषज्ञ रेस्क्यू के चलते एक संभावित हादसा टल गया तथा दुर्लभ वन्यजीव का भी सुरक्षित संरक्षण सुनिश्चित हुआ।