किसानों, युवाओं और छात्रों के हक के लिए कांग्रेस का महाआंदोलन, कांग्रेस जनता के अधिकारों की लड़ाई से पीछे नहीं हटेगी : जिलाध्यक्ष हर्षविजय गेहलोत

सैलाना।  सोमवार को रतलाम जिला मुख्यालय पर प्रस्तावित कांग्रेस के महाआंदोलन को लेकर जिला कांग्रेस अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक हर्षविजय गेहलोत ने कहा कि यह आंदोलन किसी एक दल का नहीं, बल्कि जिले के आमजन की समस्याओं की आवाज है। किसान बिजली, डीजल, पेट्रोल, खाद, बीज और पानी जैसी मूलभूत समस्याओं से जूझ रहे हैं, वहीं स्कूलों में प्रवेश नहीं मिलने से छात्र एवं अभिभावक मानसिक परेशानी का सामना कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि व्यापम, नीट और टीईटी जैसे मामलों ने शिक्षा व्यवस्था की साख को नुकसान पहुंचाया है तथा मीनाक्षी नटराजन प्रकरण ने लोकतंत्र की मूल भावना को आहत किया है। इन्हीं जनहित के मुद्दों को लेकर कांग्रेस जनता के बीच जा रही है।

रविवार शाम सैलाना में आयोजित पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए गेहलोत ने कहा कि भाजपा सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़कर सत्ता हासिल करती है, जबकि कांग्रेस विकास और सामाजिक भाईचारे की राजनीति में विश्वास रखती है। उन्होंने आरोप लगाया कि अयोध्या राम मंदिर चंदा चोरी प्रकरण में भी भाजपा से जुड़े लोगों की भूमिका रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस प्रशासन की ईंट से ईंट बजाकर जनता की मांगें मनवाएगी तथा किसानों और विद्यार्थियों के अधिकारों के लिए अंतिम समाधान तक संघर्ष जारी रखेगी।

गेहलोत ने कहा कि कांग्रेस का इतिहास साफ-सुथरी राजनीति का रहा है। देश की आत्मनिर्भरता और विकास में पंडित जवाहरलाल नेहरू, इंदिरा गांधी और राजीव गांधी का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार के कार्यकाल में धार्मिक उन्माद, बेरोजगारी और किसानों की आर्थिक परेशानियां बढ़ी हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि आगामी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस जिले की पांचों सीटों पर जीत दर्ज करेगी और प्रदेश में सरकार बनाएगी।
-वोट चोरी एक बड़ा कारण

गेहलोत ने एक सवाल के जवाब में कहा कि देश में बीते कुछ वर्षों में हुए चुनावों में भाजपा कोई सीधे सीधे तरीके से नहीं जीती बल्कि ईवीएम से छेड़छाड़ के अनेक मामले प्रकाश में आए हे।हमारे नेता राहुल गांधी ने वोट चोरी के अनेक मामले जनता के समक्ष रखे भी हैं।

उन्होंने कहा कि रतलाम का महाआंदोलन केवल शुरुआत है। यदि जनता की समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो कांग्रेस आगे भी लगातार जनआंदोलन करेगी। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस के पुराने गौरवशाली दिन फिर लौटेंगे और जनता का विश्वास एक बार फिर कांग्रेस के साथ होगा। पत्रकार वार्ता में कांग्रेस के स्थानीय पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे।

MP Headlines
Author: MP Headlines

Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp