रतलाम में दिग्विजय सिंह का भाजपा पर हमला, बोले— ‘राम मंदिर चंदे में चोरी करने वालों का मेरे घर में प्रवेश वर्जित

सैलाना विधानसभा के सैकड़ो समर्थकों ने गेहलोत के साथ सिंह से मुलाकात की

सैलाना/रतलाम। मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह का शनिवार को रतलाम आगमन हुआ। सर्किट हाउस में जिला कांग्रेस अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक हर्ष विजय गेहलोत के नेतृत्व में सैलाना विधानसभा सहित जिलेभर से पहुंचे कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया।

इस अवसर पर सैलाना के पूर्व मंडी अध्यक्ष श्रीराम चौधरी, पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष जगदीश पाटीदार, युवा नेता हनी गेहलोत, गिरधारीलाल काग, ईश्वर पाटीदार,देवेन्द्र सौलंकी, दीपक पटेल,महेश सांवलिया,संजय गुर्जर सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे। हर्ष विजय गेहलोत ने कहा कि दिग्विजय सिंह का मार्गदर्शन कार्यकर्ताओं को हमेशा पार्टी हित में समर्पित होकर कार्य करने की प्रेरणा देता है। गेहलोत ने कहा कि राजा साहब का सैलाना व मुझ पर भी बड़ा स्नेह रहा है और यह स्नेह बना रहेगा।

इसके बाद पत्रकारों से चर्चा में दिग्विजय सिंह ने राम मंदिर निर्माण के लिए जुटाए गए चंदे, कथित भ्रष्टाचार और भाजपा सरकार की कार्यप्रणाली पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि वे अपने घर के बाहर एक पोस्टर लगाएंगे, जिस पर लिखा होगा— “भगवान राम के चढ़ावे में चोरी करने वाले संगठन का मेरे घर में प्रवेश वर्जित है।” उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से भी ऐसा अभियान चलाने का आह्वान किया।

दिग्विजय सिंह ने आरोप लगाया कि राम मंदिर निर्माण के लिए मिले दान और चढ़ावे की पारदर्शिता पर गंभीर सवाल हैं। उन्होंने दावा किया कि दान में मिली चांदी की ईंटों और सोने के जेवरों की विधिवत रसीद नहीं दी गई। उन्होंने कहा कि उन्होंने स्वयं भी राम मंदिर निर्माण के लिए चंदा दिया था, लेकिन ट्रस्ट के कामकाज पर कई सवाल खड़े हो रहे हैं।

उन्होंने भाजपा सरकार पर भ्रष्टाचार को बढ़ावा देने का आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा की नीति “खूब खाओ, खूब खिलाओ” बन गई है। साथ ही चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता की आवश्यकता बताते हुए इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (EVM) की विश्वसनीयता पर भी सवाल उठाए।

MP Headlines
Author: MP Headlines

Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp