सैलाना/रतलाम।पत्रकारिता के क्षेत्र में निष्पक्षता, निर्भीकता और जनसेवा की मिसाल रहे वरिष्ठ पत्रकार स्वर्गीय कैलाश नारायण त्रिवेदी (बाऊजी) को उनके अमूल्य योगदान के लिए श्रमजीवी पत्रकार संघ, रतलाम इकाई द्वारा आयोजित सम्मान समारोह में मरणोपरांत सम्मान से अलंकृत किया गया। यह सम्मान उनके पुत्र एवं वरिष्ठ पत्रकार वीरेंद्र त्रिवेदी ने मंचासीन अतिथियों के करकमलों से ग्रहण किया।

सम्मान ग्रहण करते समय समारोह का वातावरण भावुक हो उठा। उपस्थित पत्रकारों, अतिथियों एवं सामाजिक जनों ने स्व. त्रिवेदी के व्यक्तित्व और कृतित्व को स्मरण करते हुए उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए। वक्ताओं ने कहा कि स्व. कैलाश नारायण त्रिवेदी ने अपने संपूर्ण पत्रकारिता जीवन में सत्य, निष्पक्षता और जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता दी। उनकी लेखनी सदैव समाज की आवाज बनी और उन्होंने पत्रकारिता के मूल्यों से कभी समझौता नहीं किया।
वक्ताओं ने उन्हें ऐसी प्रेरणादायी शख्सियत बताया, जिनकी ईमानदार और निडर पत्रकारिता आने वाली पीढ़ियों के लिए मार्गदर्शक बनी रहेगी। उनका जीवन पत्रकारिता के उच्च आदर्शों का प्रतीक था और समाज के प्रति उनकी प्रतिबद्धता सदैव स्मरणीय रहेगी।
इस अवसर पर श्रमजीवी पत्रकार संघ के पदाधिकारी, वरिष्ठ पत्रकार एवं बड़ी संख्या में पत्रकार साथी उपस्थित रहे। सभी ने दो मिनट का मौन रखकर स्व. त्रिवेदी को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की तथा उनके योगदान को पत्रकारिता जगत की अमूल्य धरोहर बताया।
Author: MP Headlines















