सैलाना/रामगढ़। माध्यमिक विद्यालय रामगढ़ में राज्य शासन की साइकिल वितरण योजना के अंतर्गत साइकिल वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि जनपद अध्यक्ष श्रीमती कैलाशीबाई चारेल थी। कार्यक्रम की अध्यक्षता उपसरपंच सुखवीर सिंह चौधरी ने की।

कार्यक्रम में कक्षा 6 एवं 9 के पात्र 61 छात्र-छात्राओं को निःशुल्क साइकिलों का वितरण किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि श्रीमती कैलाशीबाई चारेल ने विद्यार्थियों को नियमित रूप से विद्यालय आने, स्वच्छ रहने तथा सभी प्रकार के व्यसनों से दूर रहने की सीख दी। उन्होंने कहा कि “शिक्षा शेरनी का दूध है, जो जितना पिएगा, वह उतना ही दहाड़ेगा।” उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा प्रदान की जा रही साइकिल का उपयोग समय पर विद्यालय पहुंचने और बेहतर शिक्षा प्राप्त करने के लिए करें। साथ ही उन्होंने बताया कि उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को शासन द्वारा लैपटॉप एवं स्कूटी जैसी प्रोत्साहन योजनाओं का भी लाभ दिया जा रहा है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे उपसरपंच सुखवीर सिंह चौधरी ने कहा कि बच्चे देश का भविष्य हैं और आने वाला समय उनके हाथों में है। उन्होंने विद्यार्थियों से अनुशासन के साथ नियमित अध्ययन करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा शुरू की गई साइकिल योजना को वर्तमान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव निरंतर आगे बढ़ा रहे हैं। साथ ही उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा संचालित स्टार्टअप, स्किल डेवलपमेंट एवं युवा उद्यमिता जैसी योजनाओं का लाभ उठाकर आत्मनिर्भर बनने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में माध्यमिक विद्यालय के प्रधानाध्यापक रामचंद्र मईड़ा, शिक्षक रमेश कुमावत, राहुल परिहार, किशनलाल चारेल, प्राथमिक विद्यालय के शिक्षक जगदीश पांचाल, अमृतलाल वड़किया, गौरव जाट, रूपलाल एवं कालूभाई सहित बड़ी संख्या में पालकगण उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन किशनलाल चारेल ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन रमेशचंद कुमावत ने व्यक्त किया।
Author: MP Headlines













