ग्रामीण क्षेत्र में मक्के की उत्पादन क्षमता बढ़ाने की उम्मीद जगी
सैलाना। गुरुवार तड़के व देर रात्रि से सैलाना नगर एवं आसपास के क्षेत्रों में शुरू हुई झमाझम बारिश ने किसानों के चेहरों पर खुशी लौटा दी। लंबे अंतराल के बाद अच्छी वर्षा होने से किसानों की चिंता काफी हद तक दूर होती नजर आई। सुबह होते ही किसान अपने-अपने खेतों की ओर बोवनी के कार्य में जुट गए। वही कुछ किसान अधिक बारिश होने किसानों को बोवनी का इंतजार करना होगा।

क्षेत्र के कई किसानों ने बारिश की उम्मीद में पहले ही बुवाई कर दी थी, जबकि बड़ी संख्या में किसान अब पर्याप्त नमी मिलने के बाद खेतों में बीज डालने की तैयारी में लग गए हैं। बुधवार शाम को भी बादलों ने घेराव किया था, लेकिन बारिश नहीं होने से किसानों की चिंता और बढ़ गई थी। गुरुवार की बारिश ने उनकी उम्मीदों को नई ऊर्जा दे दी।
बारिश के साथ ही सैलाना के कृषि बाजार में भी रौनक बढ़ने लगी है। जिन किसानों ने अभी तक बीज नहीं खरीदे थे, वे कृषि केंद्रों और बीज विक्रेताओं की दुकानों पर पहुंचने लगे हैं। व्यापारियों का मानना है कि यदि अगले कुछ दिनों तक मौसम अनुकूल रहा तो बीज, खाद और कृषि सामग्री की मांग में और तेजी आएगी।
कृषि विशेषज्ञों के अनुसार समय पर हुई यह बारिश खरीफ फसलों के लिए बेहद लाभदायक है। इससे मक्का, सोयाबीन, उड़द सहित अन्य फसलों की बुवाई को गति मिलेगी और क्षेत्र में बेहतर उत्पादन की उम्मीद भी बढ़ेगी।
बारिश की फुहारों ने न केवल किसानों के चेहरों पर मुस्कान लौटाई है, बल्कि सैलाना के कृषि बाजार में भी नई हलचल पैदा कर दी है। अब किसानों की निगाहें आने वाले दिनों में अच्छी और नियमित बारिश पर टिकी हुई हैं, ताकि खरीफ सीजन बेहतर साबित हो सके।
Author: MP Headlines












