सैलाना/रावटी। जिला कलेक्टर मिशा सिंह के आदेश अनुसार रतलाम जिले के सैलाना तथा रावटी में भूमि संबंधी समस्याओं के त्वरित एवं पारदर्शी समाधान के उद्देश्य से शनिवार को सैलाना थाना परिसर एवं रावटी थाना परिसर में पुलिस और राजस्व विभाग के संयुक्त तत्वावधान में भूमि विवाद निवारण शिविर आयोजित किए गए। शिविरों में बड़ी संख्या में आवेदक अपनी शिकायतें और आवेदन लेकर पहुंचे।

सैलाना थाना परिसर में आयोजित शिविर के दौरान तहसीलदार कुलभूषण शर्मा,थाना प्रभारी पिंकी आकाश आदि ने आवेदकों से सीधे चर्चा कर उनकी समस्याएं सुनीं। राजस्व विभाग के अधिकारियों के साथ समन्वय बनाकर मामलों के शीघ्र निराकरण के लिए आवश्यक निर्देश दिए गए। शिविर में पहुंचे लोगों को भूमि विवादों के समाधान की प्रक्रिया की जानकारी भी दी गई।

वहीं रावटी थाना परिसर में भी पुलिस एवं राजस्व विभाग की संयुक्त मौजूदगी में भूमि विवाद निवारण शिविर आयोजित किया गया। शिविर में तहसीलदार वंदना किराड़े एवं थाना प्रभारी सुरेंद्र सिंह गड़रिया ने आवेदकों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं और संबंधित मामलों में नियमानुसार त्वरित कार्रवाई का आश्वासन दिया।
दोनों स्थानों पर आयोजित शिविरों का उद्देश्य वर्षों से लंबित भूमि विवादों का समयबद्ध समाधान कर अनावश्यक न्यायिक एवं सामाजिक विवादों को कम करना रहा। अधिकारियों ने नागरिकों से अपील की कि वे भूमि संबंधी विवादों के समाधान के लिए ऐसे शिविरों का अधिक से अधिक लाभ उठाएं तथा आवश्यक दस्तावेजों के साथ उपस्थित होकर अपनी समस्याओं का निराकरण कराएं।

तहसीलदार कुलभूषण शर्मा ने कहा कि शासन के निर्देशानुसार संयुक्त जनसुनवाई शिविरों का उद्देश्य ग्रामीणों को एक ही स्थान पर राजस्व एवं पुलिस विभाग की सेवाएं उपलब्ध कराना है। कई मामलों का मौके पर समाधान किया गया है तथा जिन प्रकरणों में सीमांकन आवश्यक है, उनमें नियमानुसार शीघ्र कार्रवाई कराई जाएगी। प्रशासन प्रत्येक शिकायत का निष्पक्ष और समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करेगा।
थाना प्रभारी पिंकी आकाश ने कहा कि पुलिस एवं राजस्व विभाग के संयुक्त प्रयास से ग्रामीण क्षेत्रों में रास्ता और भूमि विवादों का शांतिपूर्ण समाधान कराया जा रहा है। लोगों से अपील है कि किसी भी विवाद की स्थिति में स्वयं निर्णय लेने के बजाय प्रशासन को सूचना दें, ताकि कानून व्यवस्था बनी रहे और सभी पक्षों को न्याय मिल सके। इस शिविर में बड़ी संख्या में पहुंचे ग्रामीण जन अपनी समस्याएंओ को लेकर जिनका समाधान व निवारण किया गया।
Author: MP Headlines












