भिंड इंटरसिटी के स्लीपर कोच में रोती मिली नवजात, 4 दिनों में मिलीं 3 नवजात मासूम बच्चियां

रतलाम। रतलाम जिले में नवजात बच्चों को लावारिस छोड़ने के चार दिनों के भीतर अलग-अलग थाना क्षेत्रों में तीन नवजात बच्चियां मिल चुकी हैं, जिनमें से एक की मौत हो चुकी है। ताजा मामला शनिवार शाम का है, जब स्थानीय रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 1 पर खड़ी भिंड-रतलाम इंटरसिटी एक्सप्रेस के एक स्लीपर कोच में लावारिस हालत में एक नवजात बालिका मिली।

ट्रेन में बच्ची के रोने की आवाज सुनकर ट्रेन में मौजूद यात्रियों को इसकी जानकारी हुई, जिसके बाद तुरंत रेलवे पुलिस को सूचना दी। जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने नवजात को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक स्वास्थ्य परीक्षण के बाद उसे बाल चिकित्सालय के एसएनसीयू वार्ड में भर्ती कराया गया है। फिलहाल बच्ची की हालत सामान्य बताई जा रही है।

जीआरपी थाना प्रभारी सब इंस्पेक्टर सोहन पाटीदार ने बताया कि शनिवार शाम करीब 4:45 बजे सूचना मिली थी कि भिंड इंटरसिटी के एस-2 स्लीपर कोच में एक नवजात बच्ची पड़ी हुई है। पुलिस जब मौके पर पहुंची तो बच्ची बुरी तरह रो रही थी। तत्काल महिला कांस्टेबल की मदद से उसे अस्पताल ले जाया गया।

जांच में सामने आया है कि यह ट्रेन भिंड से चलकर सुबह करीब 10 बजे रतलाम पहुंचती है, जिसके बाद इसे यार्ड में खड़ा कर दिया जाता है। शाम 4 बजे ट्रेन को वापस प्लेटफॉर्म नंबर 1 पर लाया जाता है, जहां से यह शाम 5:25 बजे भिंड के लिए रवाना होती है। पुलिस के अनुसार, स्लीपर कोच के गेट लॉक थे, इसलिए आशंका है कि कोई अज्ञात व्यक्ति दूसरे कोच के रास्ते एस-2 कोच के अंदर दाखिल हुआ और बच्ची को कपड़े में लपेटकर सीट पर छोड़कर फरार हो गया। जीआरपी पुलिस रेलवे स्टेशन पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।

चार दिन में हुई तीन घटनाएं

  • पहली घटना जीआरपी थाना क्षेत्र की
    शनिवार शाम रतलाम रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 1 पर भिंड इंटरसिटी एक्सप्रेस के एस-2 कोच में जीवित नवजात बालिका मिली।
  • दूसरी घटना बिलपांक थाना क्षेत्र की
    दो दिन पूर्व बिलपांक थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक ग्रामीण को लावारिस हालत में एक नवजात बच्ची मृत अवस्था में पड़ी मिली। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
  • तीसरी घटना दीनदयाल नगर थाना क्षेत्र की
    चार दिन पूर्व दीनदयाल नगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम मथुरी रोड स्थित रिंग रोड पर एक नाले के पाइप के अंदर एक और नवजात बच्ची लावारिस हालत में तड़पती हुई मिली थी। उसे समय रहते रेस्क्यू कर मेडिकल कॉलेज के एसएनसीयू में भर्ती कराया गया था, जहां उसका उपचार जारी है।


MP Headlines
Author: MP Headlines

Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp