सवा करोड़ के गुप्त दान से दमका श्रीचिंतामन गणेश मंदिर का गर्भगृह, 41 किलो चांदी से मिली दिव्य भव्यता

सैलाना/उज्जैन। मध्य प्रदेश के आस्था की नगरी उज्जैन स्थित प्रसिद्ध श्रीचिंतामन गणेश मंदिर का गर्भगृह अब चांदी की भव्य आभा से जगमगा उठा है। मंदिर के एक गुप्त श्रद्धालु द्वारा लगभग सवा करोड़ रुपये का दान दिया गया, जिसके तहत करीब 95 लाख रुपये मूल्य की 41 किलो चांदी से गर्भगृह को आकर्षक स्वरूप प्रदान किया गया है।

इस भव्य कार्य को पूरा करने के लिए कुशल कारीगरों ने लगभग 15 दिनों तक लगातार मेहनत की। बीते चार-पांच दिनों में चांदी की कलात्मक सजावट को मंदिर के गर्भगृह में सुशोभित किया गया। चांदी पर की गई बारीक नक्काशी गर्भगृह की शोभा को और भी दिव्य एवं आकर्षक बना रही है।

विशेष बात यह है कि श्री चिंतामन गणेश की प्रतिमा के पीछे श्री गणेश जी एवं रिद्धि और सिद्धि की सुंदर प्रतिमाएं भी स्थापित की गई हैं। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार भगवान गणेश रिद्धि-सिद्धि के बिना कहीं नहीं जाते, इसलिए इस अलंकरण में इस परंपरा और आस्था का विशेष ध्यान रखा गया है।

चांदी से सुसज्जित गर्भगृह के दर्शन करते ही श्रद्धालु आध्यात्मिक अनुभूति से अभिभूत हो रहे हैं। मंदिर की नई भव्यता न केवल श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केंद्र बनी है, बल्कि उज्जैन की धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत में भी एक नया अध्याय जोड़ रही है। मंदिर परिसर में पहुंचने वाले भक्त श्री चिंतामन गणेश जी के साथ इस अद्भुत चांदी के श्रृंगार के दर्शन कर स्वयं को धन्य महसूस कर रहे हैं।

बता दे की चिंतामन श्री गणेश अपने तीन रूपों में विराजमान है, यहां चिंतामन श्रीगणेश सभी की चिंताएं दूर करते हैं, वही इच्छा मन श्रीगणेश सभी की इच्छाएं भी पूरी करते हैं, इसी तरह सिद्धि विनायक श्री गणेश सबके कार्य सिद्ध करते हैं।

MP Headlines
Author: MP Headlines

Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp