प्रभारी से नियमित डिप्टी कलेक्टर बने सुनील जायसवाल,  सैलाना एसडीएम को मिला पदोन्नति का सम्मान

सैलाना/रतलाम। मध्यप्रदेश शासन के सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा मंगलवार, 7 जुलाई 2026 को जारी बहुप्रतीक्षित पदोन्नति आदेश में राज्य प्रशासनिक सेवा के 190 अधिकारियों को नियमित रूप से डिप्टी कलेक्टर पद पर पदोन्नत किया गया है। इस सूची में पूर्व में रहे जावरा रतलाम जिले के लिए सबसे महत्वपूर्ण नाम वर्तमान सैलाना के एसडीएम (प्रभारी डिप्टी कलेक्टर) सुनील जायसवाल का रहा, जिन्हें अब नियमित रूप से डिप्टी कलेक्टर, जिला रतलाम के पद पर पदोन्नत किया गया है।

यह पदोन्नति केवल प्रशासनिक प्रक्रिया नहीं, बल्कि उनकी कार्यकुशलता, पारदर्शी कार्यशैली और जनसेवा के प्रति समर्पण की औपचारिक स्वीकृति मानी जा रही है। प्रभारी डिप्टी कलेक्टर के रूप में उन्होंने सैलाना क्षेत्र में अपनी अलग कार्यशैली स्थापित की और आमजन के बीच एक सहज एवं संवेदनशील अधिकारी की पहचान बनाई।

अपने कार्यकाल के दौरान श्री जायसवाल ने जनसुनवाई के माध्यम से लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान, राजस्व प्रकरणों का समयबद्ध निराकरण, कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में उल्लेखनीय भूमिका निभाई। विकास कार्यों की नियमित समीक्षा और मैदानी स्तर पर सक्रिय उपस्थिति के कारण वे प्रशासन और आमजन दोनों के बीच विश्वास का केंद्र बने रहे।

मध्यप्रदेश शासन द्वारा जारी आदेश में प्रदेशभर के 190 तहसीलदारों, प्रभारी डिप्टी कलेक्टरों एवं अन्य अधिकारियों को नियमित पदोन्नति प्रदान की गई है। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू होगा तथा सभी पदोन्नत अधिकारियों को शासन के निर्देशानुसार आगामी औपचारिकताएं पूर्ण करनी होंगी।
सुनील जायसवाल की नियमित डिप्टी कलेक्टर पद पर पदोन्नति से रतलाम जिले सहित सैलाना क्षेत्र में खुशी का माहौल है। प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों ने इसे जिले के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताते हुए उन्हें शुभकामनाएं दी हैं। यह पदोन्नति न केवल उनकी व्यक्तिगत उपलब्धि है, बल्कि सैलाना में उनके प्रभावी और जनोन्मुखी प्रशासन की भी एक महत्वपूर्ण पहचान बनकर सामने आई है।

MP Headlines
Author: MP Headlines

Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp