शिक्षकों का हुंकार मार्च: लंबित मांगों को लेकर एसडीएम कार्यालय का घेराव, नारेबाजी के बीच सौंपा ज्ञापन

सांदीपनी हाई सेकेंडरी स्कूल से निकली रैली, TET अनिवार्यता समाप्त करने, नियुक्ति तिथि से वरिष्ठता, पुरानी पेंशन बहाली व ऑनलाइन उपस्थिति व्यवस्था में सुधार की उठाई मांग

सैलाना। शिक्षक संयुक्त मोर्चा, सैलाना के बैनर तले बुधवार को क्षेत्र के शिक्षकों ने अपनी लंबित मांगों को लेकर जोरदार रैली निकाली। रैली का शुभारंभ सांदीपनी हाई सेकेंडरी स्कूल से हुआ, जो अनुविभागीय अधिकारी (एसडीएम) कार्यालय पहुंची। इस दौरान शिक्षकों ने अपनी मांगों के समर्थन में नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया।

एसडीएम कार्यालय पहुंचकर शिक्षकों ने महामहिम राज्यपाल, मुख्यमंत्री, शिक्षा मंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन अनुविभागीय अधिकारी सुनील कुमार जायसवाल को सौंपा। ज्ञापन में प्रदेश के शिक्षकों की विभिन्न लंबित समस्याओं के शीघ्र निराकरण की मांग की गई।

ज्ञापन में प्रमुख रूप से TET परीक्षा की अनिवार्यता समाप्त करने, नियुक्ति तिथि से वरिष्ठता का लाभ देने, पुरानी पेंशन योजना बहाल करने तथा ऑनलाइन उपस्थिति व्यवस्था में व्यावहारिक संशोधन अथवा पूर्व व्यवस्था लागू करने की मांग की गई।

शिक्षक संयुक्त मोर्चा के पदाधिकारियों ने कहा कि प्रदेशभर के शिक्षक लंबे समय से इन न्यायोचित मांगों के निराकरण की प्रतीक्षा कर रहे हैं। यदि सरकार जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लेती है तो आगामी दिनों में आंदोलन को और व्यापक स्वरूप दिया जाएगा। इस दौरान सैलाना तहसील के शिक्षक/शिक्षिका व संयुक्त मोर्चा के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

ज्ञापन का वाचन डॉक्टर अजुम खान ने किया। तथा आभार निर्मल सिंह चौहान ने माना। ज्ञापन के दौरान तहसीलदार कुलभूषण शर्मा सहित बड़ी संख्या में सैलाना तहसील के शिक्षक/ शिक्षिकाएं उपस्थित रही। रैली एवं ज्ञापन कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे और सभी ने एकजुट होकर अपनी मांगों के समर्थन में आवाज बुलंद की।


नवागत एसडीएम का किया स्वागत-
अध्यापक संयुक्त मोर्चा, सैलाना के तत्वाधान में बुधवार को एसडीएम कार्यालय पर सैलाना तहसील के समस्त शिक्षक व शिक्षिकाओं ने मिलकर नवागत एसडीएम सुनील जायसवाल को फूलों की माला पहनकर उनका भव्य स्वागत किया। स्वागत सत्कार के दौरान बड़ी संख्या में शिक्षक शिक्षिकाएं उपस्थित थी‌।

MP Headlines
Author: MP Headlines

Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp