सैलाना। दिल्ली-मुंबई 8 लेन एक्सप्रेस-वे पर रावटी क्षेत्र के आसपास पहुंच मार्ग (इंटरचेंज) स्वीकृत करने की मांग को लेकर जिला पंचायत उपाध्यक्ष एवं जिला शिक्षा समिति अध्यक्ष केशुराम निनामा ने ग्रामीणों की उपस्थिति में सैलाना एसडीएम सुनील कुमार जायसवाल को केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी के नाम ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में बताया गया कि दिल्ली-मुंबई 8 लेन एक्सप्रेस-वे का निर्माण क्षेत्र के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है, लेकिन धामनोद के बाद लगभग 90 किलोमीटर तक रावटी क्षेत्र के आसपास कोई इंटरचेंज या पहुंच मार्ग उपलब्ध नहीं है। इसके कारण रावटी, शिवगढ़, बाजना, सरवन, अमरपुरा सहित आदिवासी अंचल के हजारों लोगों को एक्सप्रेस-वे का लाभ नहीं मिल पा रहा है।
निनामा ने कहा कि रावटी-शिवगढ़ के बीच इंटरचेंज नहीं होने से राजस्थान के कुशलगढ़, पाटन एवं बांसवाड़ा सहित आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को भी लंबा चक्कर लगाकर आवागमन करना पड़ता है। गंभीर मरीजों को समय पर उपचार के लिए गुजरात या बांसवाड़ा जाने में भी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।
ज्ञापन में मांग की गई है कि रावटी-शिवगढ़ क्षेत्र के मध्य दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर पहुंच मार्ग (इंटरचेंज) शीघ्र स्वीकृत किया जाए, जिससे आदिवासी क्षेत्र के किसानों को अपनी उपज मंडियों तक पहुंचाने में सुविधा मिले, यात्रियों का समय बचे तथा क्षेत्र में औद्योगिक एवं व्यावसायिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिल सके।
केशुराम निनामा ने केंद्र सरकार से क्षेत्रीय विकास एवं आदिवासी अंचल की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए इस मांग पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने का आग्रह किया।
Author: MP Headlines












