दो सप्ताह से बारिश गायब, इंद्रदेव को मनाने सोमवार को सैलाना में मनेगी ‘उज्जैनी’

सनातन समाज, किसानों, व्यापारियों का सामूहिक निर्णय

सैलाना। क्षेत्र में पिछले दो सप्ताह से बारिश नहीं होने से किसानों की चिंता लगातार बढ़ती जा रही है। खेतों में खड़ी मक्का, सोयाबीन, कपास सहित अन्य खरीफ फसलों के पौधे पानी के अभाव में सूखने की कगार पर हैं। यदि जल्द वर्षा नहीं हुई तो किसानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है। ऐसे हालात में अच्छी बारिश की कामना और इंद्रदेव को प्रसन्न करने के लिए सोमवार को पूरे सैलाना नगर में पारंपरिक ‘उज्जैनी’ मनाई जाएगी।

शनिवार को किसानों, व्यापारियों और नगरवासियों ने सोशल मीडिया के माध्यम से नगर परिषद से उज्जैनी मनाने की पहल करने की मांग की थी। परिषद स्तर पर कोई निर्णय नहीं होने के बाद सनातन धर्म समाज ने स्वयं आगे आकर इस परंपरा के आयोजन का दायित्व संभाला। शनिवार रात्रि को समाज के प्रतिनिधियों ने सोमवार को पूरे नगर में उज्जैनी मनाने का आह्वान किया।

इस धार्मिक एवं सामाजिक आयोजन को नगर के व्यापारिक संगठनों का भी समर्थन मिला है। इसी के चलते सैलाना कृषि उपज मंडी में सोमवार को किसानों से अपनी कृषि उपज लेकर नहीं आने की अपील की गई है। उज्जैनी के आयोजन के कारण मंडी का नियमित कार्य भी प्रभावित रहेगा।

सोमवार को सनातन समाज, सर्व समाज, किसान एवं व्यापारी वर्ग संयुक्त रूप से पारंपरिक धार्मिक अनुष्ठानों और रीति-रिवाजों के माध्यम से इंद्रदेव से अच्छी वर्षा की प्रार्थना करेंगे। नगरवासियों का कहना है कि समय पर बारिश नहीं होने से खरीफ फसलें प्रभावित हो रही हैं और यदि मौसम जल्द नहीं बदला तो खेती पर गंभीर संकट खड़ा हो सकता है।

सैलाना में अल्पवर्षा की स्थिति में उज्जैनी मनाने की परंपरा वर्षों पुरानी है। मान्यता है कि सामूहिक धार्मिक आयोजन और प्रार्थना से इंद्रदेव प्रसन्न होते हैं और अच्छी वर्षा का आशीर्वाद मिलता है। इसी आस्था के साथ इस बार भी पूरा नगर किसानों की खुशहाली, अच्छी बारिश और क्षेत्र की समृद्धि की कामना करते हुए उज्जैनी मनाएगा।

MP Headlines
Author: MP Headlines

Facebook
Twitter
LinkedIn
WhatsApp