सैलाना। नगर में आवारा श्वानों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। पिछले तीन दिनों में आवारा श्वानों ने दो लोगों को अपना शिकार बनाया है, जिनमें एक मासूम बच्चा भी शामिल है। लगातार हो रही घटनाओं से नगरवासियों में भय और आक्रोश का माहौल है।
ताजा घटना शुक्रवार देर रात भोई मोहल्ले में सामने आई। यहां नैतिक, पिता लोकेश चौहान, घर के बाहर खेल रहा था। इसी दौरान एक आवारा श्वान ने अचानक उस पर हमला कर दिया और उसे घायल कर दिया। बच्चे की चीख-पुकार सुनकर परिजन तुरंत मौके पर पहुंचे और श्वान को भगाया। यदि समय रहते परिजन नहीं पहुंचते तो कोई बड़ा हादसा हो सकता था।
घायल बालक को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, सैलाना ले जाया गया, जहां उसका उपचार किया गया।

नगरवासियों का कहना है कि आवारा श्वानों की संख्या लगातार बढ़ रही है और आए दिन लोगों, विशेषकर बच्चों पर हमले हो रहे हैं। इसके बावजूद नगर परिषद के प्रमुख एवं वार्ड वासी पार्षदों द्वारा प्रभावी कार्रवाई नहीं किए जाने से लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। नागरिकों का आरोप है कि मुख्य नगर पालिका अधिकारी, जनप्रतिनिधि और संबंधित जिम्मेदार इस गंभीर समस्या को नजरअंदाज कर रहे हैं।
स्थानीय लोगों ने मांग की है कि नगर परिषद तत्काल आवारा श्वानों पर निगरानी के लिए विशेष अभियान चलाए, ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे से बचा जा सके। नागरिकों का कहना है कि यदि समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए गए तो किसी की जान भी जा सकती है, जिसकी जिम्मेदारी संबंधित प्रशासन की होगी।
नगरवासियों की प्रमुख मांगें:
आवारा श्वानों पर विशेष निगरानी रखी जाए। संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित सर्चिंग अभियान चलाया जाए।बच्चों और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए स्थायी व्यवस्था की जाए।
Author: MP Headlines















