सैलाना। प्रदेश में मूंग खरीदी में आ रही समस्याओं, खाद वितरण की ई-टोकन व्यवस्था की खामियों, 100 प्रतिशत मूंग खरीदी की मांग तथा नीट पेपर लीक मामले के विरोध में ब्लॉक किसान कांग्रेस कमेटी सैलाना ने मंगलवार को जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान एवं केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के प्रतीकात्मक पुतले फूंककर केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

प्रदर्शन मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी रतलाम के जिलाध्यक्ष हर्षविजय गेहलोत एवं किसान कांग्रेस जिलाध्यक्ष राजेश भरावा के निर्देश पर आयोजित किया गया। हर्षविजय गेहलोत के निवास से निकली रैली गणेश मंदिर चौराहे पहुंची, जहां दोनों केंद्रीय मंत्रियों के प्रतीकात्मक पुतलों का दहन किया गया।
पुतला दहन के दौरान पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। पुतले जलाने से रोकने के प्रयास में पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच धक्का-मुक्की भी हुई। इसके बावजूद कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन जारी रखते हुए पुतलों का दहन किया।
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि ई-टोकन व्यवस्था की जटिलताओं और मूंग की शत-प्रतिशत खरीदी नहीं होने से किसान गंभीर परेशानी का सामना कर रहे हैं। समय पर टोकन नहीं मिलने तथा खरीदी प्रक्रिया में आ रही बाधाओं के कारण किसानों को अपनी उपज खुले बाजार में कम कीमत पर बेचने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है, जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।

प्रदर्शनकारियों ने सरकार से ई-टोकन व्यवस्था में तत्काल सुधार, सभी पंजीकृत किसानों की 100 प्रतिशत मूंग खरीदी सुनिश्चित करने तथा किसानों की समस्याओं का शीघ्र समाधान करने की मांग की। साथ ही उन्होंने शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग करते हुए चेतावनी दी कि यदि किसानों की मांगें जल्द पूरी नहीं की गईं तो किसान कांग्रेस किसानों के साथ मिलकर आंदोलन को और उग्र करेगी।
प्रदर्शन में ब्लॉक किसान कांग्रेस अध्यक्ष किशोर पाटीदार, शहर अध्यक्ष सुशील मांडोत,युवा नेता हनी गेहलोत, विनोद पाटीदार, गोपाल काग, राजेश पाटीदार, प्रेम पाटीदार, कमल पाटीदार, सुरेश कराणा, गणेश काग, दिलीप डामोर, भरत पाटीदार, शांतिलाल पाटीदार, रमेश पाटीदार, केसर सिंह, वागजी सरपंच, वजेसिंह खराड़ी, कान्हा पाटीदार, सूरज पाटीदार, निरंजन पाटीदार, हेमंत कुमावत, दिनेश सोनी, महेश सांवरिया, देवेंद्र सोलंकी, अजय परिहार, समीर कसेरा, मितेश सोनी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं किसान मौजूद रहे।
Author: MP Headlines














