सैलाना। सैलाना नगर के लिए गौरव का क्षण उस समय आया, जब नगर परिषद के पूर्व उपाध्यक्ष एवं युवा नेता अनुकूल सोनी को भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) का रतलाम जिला अध्यक्ष नियुक्त किया गया। प्रदेश के वरिष्ठ नेताओं की सहमति से प्रदेश भाजयुमो अध्यक्ष श्याम टेलर ने रविवार देर रात उनकी नियुक्ति की घोषणा की।

इस नियुक्ति के साथ ही सैलाना को पहली बार भाजपा युवा मोर्चा के जिला नेतृत्व की जिम्मेदारी मिली है। नगर सहित पूरे जिले में कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने हर्ष व्यक्त करते हुए इसे सैलाना के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि बताया।
संगठन में सक्रियता से बनाई अलग पहचान
अनुकूल सोनी वर्ष 2016-17 में सैलाना नगर भाजयुमो अध्यक्ष बने। संगठन के प्रति समर्पण, सक्रिय कार्यशैली और मिलनसार व्यक्तित्व के कारण उन्होंने युवा कार्यकर्ताओं के बीच विशेष पहचान बनाई। वर्ष 2017 में वार्ड क्रमांक 12 से पार्षद निर्वाचित हुए तथा नगर परिषद के उपाध्यक्ष भी बने।
इसके बाद उन्होंने स्वयं को पूर्ण रूप से संगठनात्मक कार्यों में समर्पित किया और युवाओं को पार्टी से जोड़ने के लिए लगातार अभियान चलाए। जिले के विभिन्न क्षेत्रों में प्रभारी के रूप में भी उन्होंने महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों का सफलतापूर्वक निर्वहन किया।
सैलाना को पहली बार मिला यह सम्मान
सैलाना से इससे पहले भारतीय जनता पार्टी अथवा भारतीय जनता युवा मोर्चा में कोई भी कार्यकर्ता जिला अध्यक्ष पद तक नहीं पहुंच पाया था। ऐसे में अनुकूल सोनी की नियुक्ति को नगर के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि माना जा रहा है।
नवनियुक्त जिलाध्यक्ष अनुकूल सोनी ने कहा कि संगठन ने उन पर जो विश्वास जताया है, उस विश्वास पर वे पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ खरा उतरने का प्रयास करेंगे तथा संगठन को और अधिक मजबूत बनाने के लिए कार्य करेंगे।

गणेश मंदिर में महाआरती, 21 किलो लड्डू का भोग
जिलाध्यक्ष नियुक्त होने की खुशी में सोमवार शाम नगर के प्रसिद्ध श्री गणेश मंदिर में ढोल-नगाड़ों के साथ भव्य महाआरती का आयोजन किया गया। अनुकूल सोनी ने भगवान श्री गणेश की पूजा-अर्चना कर 21 किलो लड्डू का भोग अर्पित किया।
महाआरती के पश्चात उपस्थित श्रद्धालुओं, कार्यकर्ताओं और समर्थकों के बीच प्रसादी वितरित की गई। इस दौरान भाजपा पदाधिकारी, युवा मोर्चा कार्यकर्ता, समर्थक एवं बड़ी संख्या में नगरवासी मौजूद रहे।
समर्थकों ने किया भव्य स्वागत
नियुक्ति की घोषणा के बाद नगर में जगह-जगह कार्यकर्ताओं ने अनुकूल सोनी का फूल-मालाओं से स्वागत किया। ढोल-नगाड़ों की गूंज के बीच मिठाई खिलाकर खुशी मनाई गई। समर्थकों ने इसे सैलाना के युवाओं के लिए प्रेरणादायक क्षण बताते हुए संगठन के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
Author: MP Headlines














