रतलाम को मिला नया कलेक्टर: अजय कटेसरिया संभालेंगे जिले की कमान

सामान्य प्रशासन विभाग ने जारी किए आदेश, प्रशासनिक हलकों में नई उम्मीदों का संचार

रतलाम। मध्यप्रदेश शासन ने वरिष्ठ आईएएस अधिकारी अजय कटेसरिया (बैच 2012) को रतलाम जिले का नया कलेक्टर नियुक्त किया है। शासन द्वारा जारी आदेश के अनुसार उन्हें रतलाम कलेक्टर का प्रभार सौंपा गया है। वर्तमान में वे अपर सचिव, मध्यप्रदेश शासन, सामान्य प्रशासन विभाग तथा संचालक, कर्मचारी चयन मंडल, मध्यप्रदेश, भोपाल के पद पर कार्यरत हैं। कर्मचारी चयन मंडल के संचालक का अतिरिक्त प्रभार भी उनके पास रहेगा।

अजय कटेसरिया की नियुक्ति को रतलाम जिले के लिए महत्वपूर्ण प्रशासनिक बदलाव माना जा रहा है। उनकी पहचान एक सक्षम, अनुशासित और परिणामोन्मुख अधिकारी के रूप में रही है। शासन स्तर पर विभिन्न महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों का अनुभव होने के कारण जिले के विकास कार्यों, जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन तथा प्रशासनिक व्यवस्था को नई गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

रतलाम जिला कृषि, उद्योग, पर्यटन और आदिवासी अंचलों की विविध चुनौतियों वाला जिला है। ऐसे में नए कलेक्टर के समक्ष विकास योजनाओं में तेजी लाना, कानून-व्यवस्था को और सुदृढ़ करना, पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा तथा आधारभूत सुविधाओं से जुड़े मुद्दों का प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना प्रमुख प्राथमिकताएं होंगी।

प्रशासनिक और सामाजिक क्षेत्रों में उनकी नियुक्ति का स्वागत किया जा रहा है। जिले के जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों एवं आम नागरिकों को उम्मीद है कि उनके नेतृत्व में विकास कार्यों को नई दिशा मिलेगी तथा शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक प्रभावी ढंग से पहुंचेगा।

MP Headlines
Author: MP Headlines