शिक्षा पर संवाद ही भविष्य की नींव: पारस सकलेचा ने छात्रों को दिया मार्गदर्शन

  • हर्ष विजय गेहलोत बोले— युवाओं और छात्रों की आवाज़ राष्ट्रीय स्तर पर उठा रहे हैं राहुल गांधी
  • ‘छात्रों की गूंज’ में शिक्षा, रोजगार और प्रतियोगी परीक्षाओं की चुनौतियों पर हुआ गंभीर मंथन

सैलाना, 26 जुलाई। एनएसयूआई एवं युवा कांग्रेस, सैलाना विधानसभा एव पूर्व विधायक एवं जिला कांग्रेस अध्यक्ष हर्ष विजय गेहलोत के नेतृत्व में  ओशिन परिसर में आयोजित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम शिक्षा, रोजगार और प्रतियोगी परीक्षाओं से जुड़े मुद्दों पर सार्थक संवाद का मंच बना। 10वीं से लेकर कॉलेज स्तर तक के बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने भाग लेकर अपनी समस्याएं, सुझाव और जिज्ञासाएं खुलकर रखीं। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य मार्गदर्शक एवं रतलाम के पूर्व विधायक पारस सकलेचा ने शिक्षा को राष्ट्र निर्माण की सबसे मजबूत आधारशिला बताते हुए कहा कि शिक्षा केवल रोजगार का माध्यम नहीं, बल्कि जागरूक, आत्मनिर्भर और जिम्मेदार नागरिक तैयार करने का सबसे प्रभावी साधन है। उन्होंने सरल भाषा में विद्यार्थियों को निरंतर अध्ययन, सकारात्मक सोच और संवैधानिक मूल्यों के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया।

सकलेचा ने पेपर लीक, व्यापम एवं अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में अनियमितता, परीक्षा परिणामों में देरी, भर्ती प्रक्रियाओं का अंतिम समय में निरस्त होना, महंगी परीक्षा फीस, दूरस्थ परीक्षा केंद्रों के कारण विद्यार्थियों पर पड़ने वाले आर्थिक बोझ तथा शिक्षा और रोजगार से जुड़ी अन्य समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने छात्रों की जिज्ञासाओं का सरल एवं व्यावहारिक ढंग से समाधान करते हुए उन्हें भविष्य के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाने की प्रेरणा दी।

जिला कांग्रेस अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक हर्ष विजय गेहलोत ने कहा कि शिक्षा के बिना जीवन अधूरा है। प्रत्येक विद्यार्थी को अपने भविष्य को सुरक्षित बनाने के लिए शिक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देनी चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों से खुलकर अपनी समस्याएं रखने का आग्रह करते हुए भरोसा दिलाया कि उनकी आवाज़ को उचित मंच तक पहुंचाने के लिए कांग्रेस निरंतर प्रयास करेगी।

गेहलोत ने यह भी कहा कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी लगातार शिक्षा, रोजगार और युवाओं के मुद्दों को राष्ट्रीय स्तर पर प्रमुखता से उठाकर उनकी आवाज़ बुलंद कर रहे हैं, जिससे विद्यार्थियों के हितों को मजबूती मिल रही है।

एनएसयूआई जिला अध्यक्ष निलेश शर्मा ने छात्र-छात्राओं से सीधा संवाद करते हुए छात्रवृत्ति, उच्च शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं, करियर मार्गदर्शन, रोजगार और परीक्षा प्रणाली से जुड़े विषयों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के सुझाव भविष्य की नीतियों के लिए महत्वपूर्ण आधार बन सकते हैं।

संवाद के दौरान NEET सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता, निष्पक्षता और समान अवसर सुनिश्चित करने की मांग प्रमुखता से उठी। विद्यार्थियों ने परीक्षा प्रणाली, परिणामों की विश्वसनीयता तथा बढ़ती प्रतिस्पर्धा के बीच आने वाली चुनौतियों पर अपने अनुभव साझा किए।

युवा कांग्रेस सैलाना विधानसभा अध्यक्ष हनी गेहलोत ने कहा कि जब विद्यार्थी स्वयं अपनी बात रखते हैं, तभी वास्तविक परिवर्तन की शुरुआत होती है। उन्होंने युवाओं से शिक्षा और सामाजिक विषयों पर जागरूक एवं सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में पूर्व मंडी अध्यक्ष शेखर गेहलोत, सुशील मांडोत, परिषद अध्यक्ष चैतन्य शुक्ला एनएसयूआई विधानसभा अध्यक्ष मोहित डामोर, उपाध्यक्ष अश्मित सिलावट, रावटी ब्लॉक अध्यक्ष दिनेश भूरिया, सैलाना ब्लॉक अध्यक्ष अजय निनामा, निलेश मईडा, अरविंद गहलोत, करन खराड़ी, गौरव कटारा, अर्चना गरवाल, आयुषी कटारा सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, कांग्रेस एवं एनएसयूआई पदाधिकारी, कार्यकर्ता और अभिभावक उपस्थित रहे।

पूरे आयोजन में शिक्षा को राजनीति से ऊपर उठाकर समाज और राष्ट्र के भविष्य का विषय मानते हुए सार्थक संवाद हुआ, जिसने विद्यार्थियों में नई ऊर्जा, जागरूकता और विश्वास का संचार किया।

MP Headlines
Author: MP Headlines