श्रावण माह में हर सोमवार को मांस एवं मछली की दुकानें बंद रखने की मांग, गौ रक्षा दल ने एसडीएम को सौंपा ज्ञापन

सैलाना। आगामी श्रावण मास के पावन अवसर पर धार्मिक आस्था एवं जनभावनाओं का सम्मान बनाए रखने की मांग को लेकर गौ रक्षा दल सैलाना ने सोमवार को एसडीएम सुनील जायसवाल को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में श्रावण मास के प्रत्येक सोमवार को सैलाना नगर सहित पूरे अनुविभाग क्षेत्र में संचालित मांस एवं मछली विक्रय की दुकानों को बंद रखने के संबंध में आवश्यक आदेश जारी करने का अनुरोध किया गया।

ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि श्रावण मास हिन्दू धर्म का अत्यंत पवित्र एवं श्रद्धा का माह माना जाता है। इस दौरान भगवान शिव की विशेष पूजा-अर्चना, जलाभिषेक, व्रत, भजन- कीर्तन एवं विभिन्न धार्मिक आयोजनों का आयोजन किया जाता है। विशेष रूप से श्रावण के प्रत्येक सोमवार का धार्मिक महत्व अत्यधिक होने के कारण बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिरों में दर्शन-पूजन एवं धार्मिक कार्यक्रमों में भाग लेते हैं।

गौ रक्षा दल ने अपने आवेदन में कहा कि श्रावण माह के प्रत्येक सोमवार को नगर एवं ग्रामीण क्षेत्रों में धार्मिक वातावरण रहता है। ऐसे समय में सार्वजनिक स्थानों पर मांस एवं मछली विक्रय की दुकानों का संचालन अनेक नागरिकों की धार्मिक भावनाओं को प्रभावित कर सकता है। संगठन का कहना है कि धार्मिक आस्था, सामाजिक समरसता तथा जनभावनाओं का सम्मान बनाए रखने के उद्देश्य से इन दुकानों को प्रत्येक सोमवार बंद रखने के निर्देश जारी किए जाने चाहिए।

ज्ञापन में एसडीएम से आग्रह किया गया कि जनहित, धार्मिक आस्था एवं सामाजिक सौहार्द को ध्यान में रखते हुए सैलाना नगर तथा अनुविभाग क्षेत्र की सभी मांस एवं मछली विक्रय की दुकानों को श्रावण मास के प्रत्येक सोमवार बंद रखने संबंधी आवश्यक आदेश जारी किए जाएं। संगठन ने विश्वास व्यक्त किया कि प्रशासन नागरिकों की भावनाओं का सम्मान करते हुए इस विषय पर उचित निर्णय लेगा। यह ज्ञापन गौ रक्षा दल, सैलाना की ओर से प्रस्तुत किया गया।

गौरतलब है कि श्रावण मास के दौरान धार्मिक गतिविधियों में उल्लेखनीय वृद्धि होती है और विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संगठन समय-समय पर प्रशासन से धार्मिक आयोजनों को सुचारु एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने की मांग करते हैं। इसी क्रम में गौ रक्षा दल द्वारा यह मांग प्रशासन के समक्ष रखी गई है।

MP Headlines
Author: MP Headlines