सांदीपनि शासकीय मॉडल स्कूल, सैलाना में गुरुपूर्णिमा पखवाड़े के अंतर्गत विविध गतिविधियों का आयोजन

सैलाना। विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति की गौरवशाली गुरु-शिष्य परंपरा से परिचित कराने एवं गुरु के प्रति श्रद्धा, सम्मान और कृतज्ञता का भाव विकसित करने के उद्देश्य से सांदीपनि शासकीय मॉडल स्कूल, सैलाना में शासन के निर्देशानुसार गुरुपूर्णिमा पखवाड़े के अंतर्गत विविध प्रेरणादायी गतिविधियों का आयोजन किया गया।

विद्यालय के प्राचार्य गिरीश सारस्वत ने बताया कि भारतीय संस्कृति के मूल्यों से विद्यार्थियों को जोड़ने के लिए विद्यालय में 15 दिवसीय गुरुपूर्णिमा पखवाड़े का आयोजन किया जा रहा है, जिससे विद्यार्थी जीवन में गुरु के महत्व, उनके मार्गदर्शन तथा गुरु-शिष्य परंपरा की गरिमा को समझ सकें।

पखवाड़े के दौरान गुरु-शिष्य प्रेरक संवाद, गुरु महिमा पर प्रेरक उद्बोधन, कविता पाठ, संस्कृत श्लोक पाठ, भजन, संस्कृत संभाषण सहित अनेक सांस्कृतिक एवं शैक्षणिक गतिविधियाँ आयोजित की गईं। “एक पेड़ गुरु के नाम” अभियान के अंतर्गत शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने विद्यालय परिसर में पौधारोपण किया। इस अवसर पर विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण एवं स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया। पौधारोपण कार्यक्रम का मार्गदर्शन इको क्लब प्रभारी पद्मिनी डोडियार ने किया।

गुरु महिमा पर प्रेरक उद्बोधन शिक्षक कमलेश पाटीदार ने दिया। उन्होंने गुरु-शिष्य परंपरा से जुड़े प्रेरक प्रसंगों के माध्यम से जीवन में गुरु के मार्गदर्शन के महत्व को प्रभावी ढंग से रेखांकित किया। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में रोहन गंधर्व, कुलदीप बुरा एवं रौनक गहलोत ने लोकभजन “वारी जाऊँ रे, बलिहारी जाऊँ रे” की सुमधुर प्रस्तुति दी। बेबी गहलोत ने “सारे तीर्थ धाम आपके चरणों में…” गुरु वंदना प्रस्तुत कर सभी को भावविभोर कर दिया।

वेदों में वर्णित गुरु महिमा पर संस्कृत श्लोक पाठ छवि निनामा एवं खुशबू चौहान ने किया, जबकि अर्पिता चौहान ने संस्कृत संभाषण के माध्यम से गुरु की महिमा का प्रभावशाली वर्णन किया। छात्रा नेहा प्रजापत ने आदि गुरु शंकराचार्य रचित ‘गुरु अष्टकम’ का सस्वर गायन प्रस्तुत किया। लक्ष्य तोतला ने गुरु पूर्णिमा के महत्व पर प्रभावशाली भाषण दिया तथा नेहा चौधरी ने गुरु विषयक कविता का भावपूर्ण पाठ किया।

इस अवसर पर “जीवन में गुरु का महत्व” विषय पर निबंध प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें नव्या पाटीदार ने प्रथम, अंजलि शर्मा ने द्वितीय तथा नवनीत कुमावत ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के उद्देश्य से विविध खेल प्रतियोगिताओं एवं योग कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया। इन गतिविधियों का मार्गदर्शन अशोक सिंह गौर, युगांतर सिंह एवं लक्ष्मी यादव ने किया।

गुरुपूर्णिमा पखवाड़े के अंतर्गत विद्यार्थियों के लिए करियर मार्गदर्शन शिविर भी आयोजित किया गया, जिसमें करियर मार्गदर्शक शिक्षक रवि जोनवेल एवं ऋषिकांत देवड़ा ने विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं एवं विभिन्न रोजगारपरक अवसरों की जानकारी प्रदान की। कार्यक्रम के सफल आयोजन में एल एन प्रजापत, कैलाश मकवाना,सुरभि व्यास, संगीता राठौर, पलक विश्वकर्मा, सुमित्रा समरवाल, आयुषी जोशी ,इमरोज खान एवं योगेश परमार सहित विद्यालय परिवार का सक्रिय सहयोग एवं मार्गदर्शन रहा।

MP Headlines
Author: MP Headlines