‘नशे से दूरी–है जरूरी 2.0’ अभियान के तहत सकरावदा में जागरूकता रैली, नुक्कड़ नाटक से दिया नशामुक्ति का संदेश

सैलाना। भोपाल पुलिस मुख्यालय द्वारा संचालित “नशे से दूरी–है जरूरी 2.0” अभियान के अंतर्गत सकरावदा के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं ग्रामीणों को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए उन्हें नशामुक्त जीवन अपनाने के लिए प्रेरित करना था। इस अवसर पर विद्यालय के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक जागरूकता रैली निकाली तथा नुक्कड़ नाटक के माध्यम से समाज को नशे से दूर रहने का प्रभावशाली संदेश दिया।

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं ग्रामीणों को नशा नहीं करने तथा दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने की शपथ दिलाई गई।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए एसडीओपी नीलम बघेल ने कहा कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य, परिवार और भविष्य को बर्बाद कर देता है। उन्होंने विद्यार्थियों से शिक्षा, खेल एवं सकारात्मक गतिविधियों की ओर ध्यान देने का आह्वान करते हुए कहा कि युवा पीढ़ी यदि नशे से दूर रहेगी तो समाज और राष्ट्र दोनों मजबूत होंगे।

थाना प्रभारी पिंकी आकाश ने विद्यार्थियों एवं ग्रामीणों को विभिन्न प्रकार के नशे के दुष्परिणामों की जानकारी देते हुए कहा कि नशे की लत कई बार अपराध और सामाजिक बुराइयों का कारण बनती है। उन्होंने सभी से अपील की कि यदि आसपास कहीं भी नशे का अवैध कारोबार या नशे से संबंधित गतिविधि दिखाई दे तो तत्काल पुलिस को सूचना दें, ताकि समाज को नशामुक्त बनाने के अभियान को और प्रभावी बनाया जा सके।

कार्यक्रम में विद्यालय के प्राचार्य रामचंद्र डोडियार ने भी विद्यार्थियों को नशे से दूर रहकर शिक्षा और संस्कारों को जीवन का आधार बनाने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि ऐसे जागरूकता कार्यक्रम विद्यार्थियों में सकारात्मक सोच विकसित करने के साथ-साथ सामाजिक जिम्मेदारी का भी बोध कराते हैं।

इस अवसर पर पूर्व सरपंच वागजी खराड़ी, एसआई शंकर सिंह शक्तावत, पप्पू वाघेला, दिनेश डिंडोर, प्रधान आरक्षक पप्पू चौहान, तूफान सिंह भूरिया, विद्यालय परिवार, छात्र-छात्राएं एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। सभी ने अभियान को सफल बनाने तथा नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय सहयोग देने का संकल्प लिया।

MP Headlines
Author: MP Headlines