सैलाना/रतलाम। सरवन, सैलाना, शिवगढ़, बाजना, रावटी एवं कूदनपुर क्षेत्र की गंभीर विद्युत समस्याओं को लेकर आज बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने सैलाना विद्युत मंडल के सहायक यंत्री, विद्युत वितरण केंद्र सैलाना, श्याम रायकवार को जनहित में ज्ञापन सौंपा। इस दौरान विद्युत विभाग के अधिकारियों के साथ क्षेत्र की समस्याओं को लेकर विस्तृत चर्चा भी की गई। ज्ञापन के माध्यम से क्षेत्र में व्याप्त अघोषित विद्युत कटौती, लो-वोल्टेज, जले हुए ट्रांसफार्मरों को समय पर नहीं बदले जाने तथा किसानों को पर्याप्त विद्युत आपूर्ति नहीं मिलने जैसी गंभीर समस्याओं को प्रमुखता से उठाया गया।

प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि लगातार विद्युत आपूर्ति बाधित रहने से किसानों की व्यवस्था प्रभावित हो रही है। विद्यार्थियों की पढ़ाई, छोटे व्यवसायियों के कार्य तथा ग्रामीण क्षेत्रों की दैनिक गतिविधियाँ भी गंभीर रूप से प्रभावित हो रही हैं। कई स्थानों पर जले हुए ट्रांसफार्मरों को समय पर नहीं बदला जाता, जिससे ग्रामीणों को कई दिनों तक अंधेरे में रहना पड़ता है। वहीं, लो-वोल्टेज की समस्या के कारण विद्युत उपकरण भी प्रभावित हो रहे हैं और आमजन को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
ज्ञापन के माध्यम से नियमित एवं निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने, जले एवं खराब ट्रांसफार्मरों को तत्काल बदलने, जर्जर एवं क्षतिग्रस्त विद्युत लाइनों का शीघ्र सुधार करने तथा किसानों निर्धारित समयानुसार पर्याप्त विद्युत उपलब्ध कराने की माँग की गई। साथ ही अघोषित विद्युत कटौती पर तत्काल रोक लगाने एवं ग्रामीण एवं आदिवासी अंचलों को प्राथमिकता के आधार पर पर्याप्त बिजली उपलब्ध कराने की माँग भी की गई।

जनप्रतिनिधियों ने कहा कि बिजली कोई सुविधा मात्र नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का मूलभूत अधिकार है। आदिवासी एवं ग्रामीण अंचलों की उपेक्षा किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी। यदि क्षेत्र की विद्युत समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया जाता है, तो जनता के हित में लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण जनआंदोलन किया जाएगा।
इस अवसर पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष केशु निनामा, जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि चंदू मईडा, सरपंच संघ अध्यक्ष जमना मईडा, जयस जिला अध्यक्ष कालू बरोड, सरपंच प्रतिनिधि विनीत भावर, संजय मईडा, छोटू भावर, सरपंच सुनील निनामा, बापू चरपोटा, प्रकाश मईडा, देवू भागोरा, प्रकाश खराड़ी, एलाम निनामा, राकेश मईडा, नानालाल हारी, मुकेश भागोरा, डुंगरसिंह डिंडोर एवं रमेश खराड़ी सहित अनेक जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
Author: MP Headlines
