रतलाम। मध्यप्रदेश पटवारी संघ ने वर्षों से लंबित मांगों के निराकरण को लेकर प्रदेशव्यापी चरणबद्ध आंदोलन शुरू कर दिया है। संघ द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार आंदोलन 20 जुलाई से प्रारंभ हो चुका है और मांगें पूरी नहीं होने पर 3 अगस्त 2026 से अनिश्चितकालीन हड़ताल की जाएगी।
संघ ने बताया कि उनकी प्रमुख मांगों में कैडर रिव्यू लागू करना, पदोन्नति एवं समयमान वेतनमान का लाभ, नायब तहसीलदार परीक्षा का नियमित आयोजन, लंबित मानदेय का भुगतान तथा जॉब प्रोटेक्शन एक्ट में पटवारियों को शामिल करना शामिल है।
आंदोलन के तहत पहले चरण में 20 से 23 जुलाई तक
पटवारियों ने काली पट्टी बांधकर विरोध दर्ज कराया। इसके बाद 24 से 27 जुलाई तक शासकीय व्हाट्सएप समूहों का बहिष्कार किया गया। वर्तमान में 28 जुलाई से 2 अगस्त तक वेबजीआईएस (WebGIS), SARA एवं अन्य ऑनलाइन कार्यों का बहिष्कार किया जा रहा है।
पटवारी संघ ने स्पष्ट किया है कि यदि सरकार द्वारा मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो 3 अगस्त 2026 से प्रदेशभर के पटवारी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले जाएंगे। संघ ने प्रदेश के सभी पटवारियों से आंदोलन में एकजुट होकर सहभागिता निभाने का आह्वान किया है।
Author: MP Headlines

