गुरुपूर्णिमा पखवाड़ा समापन समारोह सम्पन्न
सैलाना। जब व्यक्ति धैर्य खो देता है, तब वह निराशा और अवसाद के गर्त में चला जाता है तथा कभी-कभी आत्महत्या जैसे भयावह कदम भी उठा लेता है। इसलिए जीवन का सम्मान करते हुए संघर्षों का साहसपूर्वक सामना करना चाहिए।

यह प्रेरक उद्बोधन भारतीय पुलिस सेवा के सेवानिवृत्त वरिष्ठ अधिकारी श्री आर. सी. पंवार ने सांदीपनि शासकीय मॉडल स्कूल, सैलाना में आयोजित गुरुपूर्णिमा पखवाड़ा समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए दिया।

उन्होंने कहा कि आज अनेक विद्यार्थी करियर के दबाव में आकर गलत निर्णय ले लेते हैं। यह स्मरण रखना चाहिए कि “आप करियर के लिए नहीं बने हैं, बल्कि करियर आपके लिए बना है।” जीवन में लक्ष्य प्राप्ति के लिए कठोर परिश्रम, धैर्य और निरंतर प्रयास आवश्यक हैं। कम समय में अधिक पाने की लालसा घातक सिद्ध हो सकती है, क्योंकि । इस अवसर पर उन्होंने अपनी पुस्तक “आत्महत्या क्यों?” का उल्लेख करते हुए विद्यार्थियों को सकारात्मक सोच और जीवन के प्रति आशावादी दृष्टिकोण अपनाने का संदेश दिया।

विद्यालय के प्राचार्य श्री गिरीश सारस्वत ने स्वागत उद्बोधन देते हुए गुरुपूर्णिमा पखवाड़े के 15 दिवसीय आयोजन के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि गुरु वह हैं जो अज्ञान और निराशा के अंधकार को दूर कर विद्यार्थियों के जीवन में ज्ञान, आत्मविश्वास और संस्कारों का प्रकाश फैलाते हैं। इसलिए प्रत्येक विद्यार्थी का कर्तव्य है कि वह जीवनभर अपने गुरुजनों का सम्मान और आदर करे।
कार्यक्रम का संचालन कमलेश पाटीदार एवं श्वेता नागर ने किया। समारोह में गुरुपूर्णिमा पखवाड़े के अंतर्गत आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं एवं गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर विद्यालय में विज्ञान शिक्षक किरण देदरा, संगीता राठौर ऋषिकांत देवड़ा एवं योगेश परमार के मार्गदर्शन में आकर्षक विज्ञान प्रदर्शनी का भी आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने अपने नवाचारी वैज्ञानिक मॉडल एवं प्रयोग प्रस्तुत कर सभी का ध्यान आकर्षित किया। कार्यक्रम का समापन गुरु-शिष्य परंपरा के प्रति श्रद्धा, ज्ञानार्जन के संकल्प और भारतीय सांस्कृतिक मूल्यों के संरक्षण के संदेश के साथ हुआ।
Author: MP Headlines
