बाजना एवं शिवगढ़ क्षेत्र में मेडिकल स्टोर्स का औचक निरीक्षण किया गया

रतलाम 30 जुलाई 2026/ नियंत्रक  खाद्य एवं औषधि प्रशासन भोपाल एवं कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह  के निर्देशन में औषधि निरीक्षक बलराम चौधरी द्वारा लगातार मेडिकल स्टोर्स के औचक निरीक्षण किये जा रहे है।

मंगलवार को सैलाना स्थित पाटीदार मेडिकल, अंबिका मेडिकल, पटेल मेडिकल एवं हैदरी मेडिकल का औचक निरीक्षण किया गया था, उसी तारतम्य में आज बाजना एवं शिवगढ़ क्षेत्र में औषधि निरीक्षक श्री बलराम चौधरी द्वारा औचक निरीक्षण किये गए।

बाजना में त्रिवेणी मल्टीस्पेशलिटी मेडिकल एवं भवानी मेडिकल का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान दोनों संस्थानों पर फार्मासिस्ट अनुपस्थित पाए गए एवं त्रिवेणी मल्टीस्पेशलिटी मेडिकल पर नारकोटिक्स औषधि लोपेज इंजेक्शन उपलब्ध पाए गए जिनके क्रय विक्रय संबंधी अभिलेख 2 दिवस में प्रस्तुत करने हेतु निर्देशित किया गया है। दोनों ही संस्थानों को कारण बताओ सूचना पत्र जारी किया जाएगा, जवाब संतोषप्रद नहीं होने पर निलंबन या निरस्तीकरण की कार्यवाही की जाएगी।

वही शिवगढ़ स्थित शिवाय मेडिकल का औचक निरीक्षण किया गया, शिवाय मेडिकल से नारकोटिक्स औषधि इक्विरेक्स टैबलेट के क्रय विक्रय संबंधी अभिलेख 2 दिवस में प्रस्तुत करने हेतु निर्देशित किया गया है। औषधि निरीक्षक श्री चौधरी ने बताया कि औषधि संस्थानों का सघन निरीक्षण जिले में निरंतर जारी रहेगा।

MP Headlines
Author: MP Headlines