40.46 लाख का आरसीसी नाला टूटा विधायक कमलेश्वर डोडियार ने कलेक्टर से उच्च स्तरीय जांच की मांग

सैलाना। रतलाम जिले की नगर परिषद सैलाना द्वारा मुख्यमंत्री शहरी अधोसंरचना योजना (तृतीय चरण) के अंतर्गत वर्ष 2022-23 में लगभग 40 लाख 46 हजार 28 रुपये की लागत से निर्मित आरसीसी नाले की गुणवत्ता पर विधायक कमलेश्वर डोडियार ने गंभीर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने आरोप लगाया हे कि निर्माण के कुछ ही समय बाद नाले की दीवारें और स्लैब क्षतिग्रस्त होकर टूटने लगे, जबकि वर्तमान में नाले का बड़ा हिस्सा पूरी तरह ध्वस्त हो चुका है। इससे आमजन की सुरक्षा पर भी खतरा मंडरा रहा है।

मामले को लेकर कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी रतलाम को शिकायत प्रस्तुत कर निर्माण कार्य की उच्च स्तरीय तकनीकी जांच कराने तथा दोषी अधिकारियों, अभियंताओं एवं संबंधित ठेकेदार के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग की गई है।

शिकायत में उल्लेख किया गया है कि वार्ड क्रमांक 6 के पार्षद मुकेश पटेल ने 5 सितंबर 2023 को अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) सैलाना को इस संबंध में शिकायत की थी। इसके बाद एसडीएम कार्यालय द्वारा 11 सितंबर 2023 को जांच दल गठित कर जांच के निर्देश भी जारी किए गए थे, लेकिन अब तक न तो दोषियों पर कोई प्रभावी कार्रवाई हुई और न ही क्षतिग्रस्त नाले का गुणवत्तापूर्ण पुनर्निर्माण कराया गया।

शिकायतकर्ताओं ने मांग की है कि पूरे निर्माण कार्य की निष्पक्ष तकनीकी जांच कराई जाए, निर्माण में हुई अनियमितताओं की जिम्मेदारी तय करते हुए संबंधित अधिकारियों एवं ठेकेदार पर कार्रवाई की जाए, क्षतिग्रस्त नाले का गुणवत्तापूर्ण पुनर्निर्माण कराया जाए तथा यदि शासकीय राशि के दुरुपयोग की पुष्टि होती है तो दोषियों से उसकी वसूली भी की जाए।

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि करोड़ों नहीं तो लाखों रुपये की लागत से बने विकास कार्य यदि कुछ ही समय में धराशायी होने लगें, तो यह निर्माण एजेंसी और गुणवत्ता नियंत्रण व्यवस्था पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़ा करता है।

MP Headlines
Author: MP Headlines