रतलाम 30 जुलाई 2026/ नारकोटिक्स एवं अन्य नशीली दवाओं की रोकथाम एवं विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय के उद्देश्य से कलेक्टर भवन सभागार में बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस अधीक्षक श्री अमित कुमार, अपर कलेक्टर श्री बृजेंद्र कुमार रावत, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
अपर कलेक्टर श्री रावत ने निर्देश दिए कि मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्रवाई की जाए तथा सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें। उन्होंने संयुक्त टीमों का गठन कर नियमित जांच एवं रोड पेट्रोलिंग बढ़ाने के निर्देश दिए। औद्योगिक क्षेत्रों की जानकारी तत्काल उपलब्ध कराने तथा स्कूल, कॉलेज एवं छात्रावासों के आसपास नशीली दवाओं की बिक्री पर विशेष निगरानी रखने को कहा।

औषधि निरीक्षक को लगातार जांच एवं वैधानिक कार्रवाई तथा जिला शिक्षा अधिकारी को शैक्षणिक संस्थानों में नशा मुक्ति के संबंध में जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। बैठक में अवैध ढाबों पर कार्रवाई तथा “नशे से दूरी है जरूरी 2.0” अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने पर भी चर्चा की गई।
Author: MP Headlines