एकलव्य स्कूल बाजना में शिक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल: कक्षा 10वीं के खराब रिजल्ट पर पालकों का फूटा गुस्सा, विधायक कमलेश्वर डोडियार ने की सख्त कार्रवाई की मांग

सैलाना/बाजना। रतलाम जिले के एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय, बाजना की शिक्षा व्यवस्था को लेकर बड़ा विवाद सामने आया है। कक्षा 10वीं के बेहद खराब परीक्षा परिणाम के बाद पालकों ने जिला प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के समक्ष गंभीर शिकायत दर्ज कराते हुए विद्यालय में शिक्षण व्यवस्था की निष्पक्ष जांच और दोषी शिक्षकों पर कार्रवाई की मांग की है। मामले की गंभीरता को देखते हुए सैलाना विधायक कमलेश्वर डोडियार ने भी विद्यालय प्राचार्य को पत्र लिखकर पूरे प्रकरण की जांच कराने तथा विद्यार्थियों के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों पर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।

पालकों द्वारा कलेक्टर रतलाम को दिए गए आवेदन में बताया गया कि एकलव्य विद्यालय बाजना का कक्षा 10वीं का परीक्षा परिणाम जिले में सबसे खराब रहा। आवेदन के अनुसार 33 विद्यार्थियों में केवल 6 छात्र-छात्राएं ही उत्तीर्ण हुए, जबकि अधिकांश विद्यार्थी गणित एवं विज्ञान विषय में अनुत्तीर्ण रहे। पालकों का आरोप है कि विद्यालय में 12 शिक्षक पदस्थ होने के बावजूद नियमित रूप से पढ़ाई नहीं हुई। गणित और विज्ञान के शिक्षक समय पर कक्षाओं में नहीं पहुंचे, कई बार कक्षाएं ही नहीं लगीं और विद्यार्थियों को पर्याप्त शैक्षणिक मार्गदर्शन नहीं मिला।

शिकायत में यह भी कहा गया कि बोर्ड परीक्षा के दौरान भी कई शिक्षक नियमित रूप से विद्यालय नहीं आए। छात्राओं ने पालकों को बताया कि कई बार शिक्षक देर से आते थे और पढ़ाई अधूरी छोड़ देते थे, जिससे पूरा शैक्षणिक सत्र प्रभावित हुआ।

पालकों का कहना है कि विद्यालय की लापरवाही के कारण बच्चों का पूरा वर्ष खराब हो गया और उनके भविष्य पर सीधा असर पड़ा।

इस गंभीर मामले को लेकर विधायक कमलेश्वर डोडियार ने विद्यालय प्राचार्य को पत्र लिखते हुए कहा कि उन्हें अभिभावकों से लिखित शिकायत प्राप्त हुई है। उन्होंने निष्पक्ष जांच कर संबंधित शिक्षकों की कार्यप्रणाली की समीक्षा करने, आवश्यक अनुशासनात्मक कार्रवाई करने तथा विद्यालय में गुणवत्तापूर्ण शिक्षण व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही उन्होंने की गई कार्रवाई की जानकारी भी मांगी है।

पालकों के आवेदन की प्रतिलिपि रतलाम सांसद श्रीमती अनीता सिंह चौहान एवं सैलाना विधायक कमलेश्वर डोडियार को भी भेजी गई है, ताकि मामले में शीघ्र हस्तक्षेप कर विद्यार्थियों को न्याय दिलाया जा सके।

अब यह मामला जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग के लिए बड़ी परीक्षा बन गया है। क्षेत्र के अभिभावकों ने मांग की है कि दोषी शिक्षकों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करते हुए विद्यालय की शिक्षा व्यवस्था में तत्काल सुधार किया जाए, ताकि भविष्य में किसी भी विद्यार्थी का भविष्य इस प्रकार प्रभावित न हो। अब सभी की निगाहें कलेक्टर रतलाम, शिक्षा विभाग, सांसद श्रीमती अनीता सिंह चौहान और विधायक कमलेश्वर डोडियार की आगामी कार्रवाई पर टिकी हुई हैं।

MP Headlines
Author: MP Headlines