उज्जैन। उज्जैन जिले के खाचरौद थाना क्षेत्र के बड़ागांव में 24 वर्षीय युवती के लापता होने का मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। उज्जैन जिले के खाचरौद क्षेत्र में 24 वर्षीय युवती के लापता होने के बाद परिजनों ने उसकी तस्वीर का प्रतीकात्मक अंतिम संस्कार किया। पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।

परिजनों का आरोप है कि युवती एक युवक के साथ घर छोड़कर चली गई। मामले में पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। वहीं घटना से आहत परिवार और समाज के लोगों ने युवती की तस्वीर का प्रतीकात्मक अंतिम संस्कार कर उसे परिवार और समाज से बहिष्कृत करने की घोषणा की।
लापता युवती की पहचान स्वाति पाटीदार के रूप में हुई है। उसके पिता हीरालाल पाटीदार ने बताया कि जिस युवक के साथ उनकी बेटी गई है, वह रिश्ते में परिवार का ही सदस्य जैसा है। करीब आठ महीने पहले दोनों के बीच इंस्टाग्राम पर बातचीत की जानकारी परिवार को मिली थी। उस समय स्वाति को समझाइश दी गई थी और परिवार ने भविष्य को देखते हुए उसका रिश्ता भी तय कर दिया था। परिजनों का कहना है कि रिश्ता तय होने के बावजूद स्वाति घर छोड़कर चली गई। काफी तलाश के बाद भी उसका कोई पता नहीं चला तो पुलिस में गुमशुदगी दर्ज कराई गई। पुलिस अब युवती और उसके साथ गए युवक की तलाश में जुटी है।
तस्वीर का किया प्रतीकात्मक अंतिम संस्कार
घटना से नाराज परिजनों और समाज के लोगों ने युवती की तस्वीर का प्रतीकात्मक अंतिम संस्कार किया। समाज के लोगों का कहना है कि यह निर्णय किसी व्यक्ति विशेष के खिलाफ नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ी को सामाजिक जिम्मेदारी और पारिवारिक मूल्यों का संदेश देने के उद्देश्य से लिया गया है। इस दौरान समाज के कई लोग मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री से कानून बनाने की मांग
परिजनों ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि ऐसे मामलों की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रभावी कानून बनाया जाना चाहिए। वहीं पुलिस का कहना है कि गुमशुदगी का मामला दर्ज कर युवती की तलाश की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Author: MP Headlines
