सैलाना। विधायक कमलेश्वर डोडियार ने प्रदेश की 16 शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थाओं (आईटीआई) को परम फाउंडेशन को हस्तांतरित करने की कार्यवाही पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है। उन्होंने इस संबंध में प्रमुख सचिव, तकनीकी शिक्षा, कौशल विकास एवं रोजगार विभाग को पत्र लिखा है।
दिनांक 01.08.2026 को लिखे पत्र में विधायक डोडियार ने कहा कि कौशल विकास संचालनालय, जबलपुर द्वारा जारी पत्र क्रमांक DSD-GRD/II/1202072/2026 दिनांक 29.07.2026 के माध्यम से प्रदेश की 16 शासकीय आईटीआई संस्थाओं को परम फाउंडेशन को हस्तांतरित करने की कार्ययोजना मांगी गई है।
हजारों प्रशिक्षणार्थियों का भविष्य खतरे में
विधायक ने पत्र में उल्लेख किया कि इस कार्यवाही से संबंधित आईटीआई में अध्ययनरत प्रशिक्षणार्थियों, पदस्थ अधिकारियों-कर्मचारियों, मशीनरी, उपकरण, फर्नीचर तथा अन्य शासकीय संसाधनों के स्थानांतरण की तैयारी शुरू कर दी गई है।
उन्होंने आशंका जताई कि इससे हजारों प्रशिक्षणार्थियों की शिक्षा, परीक्षा, छात्रावास व्यवस्था, आवागमन, रोजगार और भविष्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा। साथ ही शासकीय संस्थाओं की परिसंपत्तियों के हस्तांतरण से प्रशासनिक, वित्तीय एवं विधिक प्रश्न भी उत्पन्न होंगे।
सरकारी नियंत्रण में रखने की मांग
कमलेश्वर डोडियार ने जनहित और प्रशिक्षणार्थियों के हितों को देखते हुए 29.07.2026 के पत्र के आधार पर की जा रही समस्त कार्यवाही पर तत्काल प्रभाव से रोक लगाने की मांग की।
उन्होंने अनुरोध किया कि किसी भी आईटीआई, प्रशिक्षणार्थी, अधिकारी-कर्मचारी अथवा शासकीय मशीनरी एवं संसाधनों का स्थानांतरण न करते हुए प्रदेश के विद्यार्थियों के हितों की रक्षा सुनिश्चित करते हुए शासकीय आईटीआई संस्थाओं का संचालन पूर्ण पारदर्शिता के साथ शासन के नियंत्रण में बनाए रखा जाए।विधायक ने प्रमुख सचिव से मामले में तत्काल कार्यवाही की मांग की
Author: MP Headlines
