सैलाना। मध्यप्रदेश पटवारी संघ की अनिश्चितकालीन कलमबंद हड़ताल के कारण आमजन को हो रही परेशानी को देखते हुए सैलाना विधायक कमलेश्वर डोडियार ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को पत्र लिखा है। उन्होंने पटवारी संघ की 5 सूत्रीय मांगों का शीघ्र निराकरण कर हड़ताल समाप्त कराने का आग्रह किया है।

विधायक ने पत्र में उल्लेख किया कि प्रदेशव्यापी आह्वान पर 3 अगस्त 2026 से पटवारी हड़ताल पर हैं। सैलाना तहसील के पटवारियों ने भी तहसील कार्यालय में राजस्व रिकॉर्ड जमा कर काम बंद कर दिया है।
डोडियार ने कहा कि पटवारी राजस्व प्रशासन की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी हैं। इनके हड़ताल पर रहने से जाति प्रमाण-पत्र, नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन, फसल गिरदावरी, ऋण पुस्तिका और भू-अभिलेख जैसे जरूरी काम ठप हो गए हैं। इसका सीधा असर किसानों, ग्रामीणों और विद्यार्थियों पर पड़ रहा है।
उन्होंने मुख्यमंत्री से अपील की कि पटवारी संघ के प्रतिनिधियों से तत्काल सकारात्मक चर्चा कर लंबित मांगों का न्यायोचित समाधान किया जाए, ताकि प्रदेशभर में राजस्व सेवाएं पुनः शुरू हो सकें और आमजन को राहत मिल सके।
Author: MP Headlines